आईपीएल के 13वें सीजन के 13वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) को 48 रन से हरा दिया। टॉस हारकर मुंबई ने 192 रन का टारगेट दिया था। जवाब में पंजाब 8 विकेट पर 143 रन ही बना सकी। पंजाब के खिलाफ मुंबई की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले मुंबई ने पंजाब को 2016 में 25 रन से हराया था। वहीं, रोहित शर्मा आईपीएल में 5000 रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने। मैच का लाइव स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें…
पंजाब की ओर से निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। वहीं, मुंबई के राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह और जेम्स पैटिंसन को 2-2 विकेट मिले। क्रुणाल पंड्या और ट्रेंट बोल्ट ने 1-1 विकेट लिए।
मयंक, राहुल का बल्ला नहीं चला
पंजाब के लिए ओपनर लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल कमाल नहीं दिखा सके। मयंक ने 25 रन बनाए। उन्हें जसप्रीम बुमराह ने बोल्ड किया। इसके बाद करुण नायर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद राहुल भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 17 रन बनाकर राहुल चाहर की बॉल पर बोल्ड हुए।
5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके
पंजाब के 5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। कृष्णप्पा गौतम ने 22 रन की पारी खेली। वहीं ग्लेन मैक्सवेल 11 रन ही बना सके। इसके लिए उन्होंने 18 बॉल खेलीं। उन्हें राहुल चाहर ने आउट किया। इसके अलावा जिमी नीशम और सरफराज खान ने 7-7 रन बनाए। करुण नायर अपना खाता भी नहीं खोल सके। अंत में मोहम्मद शमी 2 और रवि बिश्नोई 1 रन बनाकर नॉट आउट रहे।