कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसके मुताबिक, मंगलवार 24 नवंबर से 15 दिसंबर तक राज्य के 4 जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में ये फैसला लिया गया।
इसके अलावा राज्य में 12 फरवरी तक एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स भी बंद रहेंगे। आदेश के मुताबिक, 31 दिसंबर तक कोरोना के चलते और फिर 1 जनवरी से 12 फरवरी तक ठंडी की छुट्टियां रहेंगी। मास्क को भी अनिवार्य कर दिया गया है। बगैर मास्क पहने दिखे जाने पर 1 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा।
महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दी
महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन एक्टिव केस में इजाफा हुआ है। राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के अंदर 4153 नए केस मिले। 3729 लोग ठीक हुए और 30 की मौत हो गई। 394 एक्टिव केस बढ़े।
इसके पहले रविवार को 1639 और शनिवार को 1601 एक्टिव केस बढ़े थे। राज्य में अब तक 17 लाख 84 हजार 361 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16 लाख 54 हजार 793 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि 81 हजार 902 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 46 हजार 653 हो गई है।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में मोबाइल वैन RT-PCR लैब की शुरुआत की। ICMR की यह मोबाइल वैन लैब कंटेनमेंट जोन के पास लगाई जाएगी। यहां कोई भी 499 रुपए देकर कोरोना की जांच करा सकेगा। इसकी रिपोर्ट भी महज 6 घंटे के अंदर आ जाएगी।
- दिल्ली में ITBP के कोविड-19 केयर सेंटर में बेड की क्षमता 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार की जाएगी। ITBP के डायरेक्टर जनरल एसएस देसवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कोविड केयर सेंटर में दिल्ली-एनसीआर के मरीजों का इलाज होगा। जो एक हजार नए बेड तैयार किए जा रहे हैं, उनमें ऑक्सीजन सप्लाई की सुविधा भी होगी
- महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना की रोकथाम के लिए सोमवार को बड़ा फैसला लिया। इसके मुताबिक अब दिल्ली, राजस्थान, गोवा और गुजरात से महाराष्ट्र जाने वालों के लिए कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया गया है। बगैर कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट के इन राज्यों से महाराष्ट्र पहुंचने वालों को एंट्री नहीं दी जाएगी।
- उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्या को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। रविवार को वह कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। एम्स के PRO डॉ. हर्ष थपलियाल ने बताया कि 5 डॉक्टर्स की टीम राज्यपाल के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रही है।
- हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए 31 दिसंबर तक सभी सरकारी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बंद रखने का फैसला लिया है। ऑनलाइन क्लासेज 26 नवंबर से शुरू हो जाएंगे। टीचर्स घर से ही बच्चों को पढ़ा सकेंगे। इसके बाद 1 जनवरी से 12 फरवरी तक ठंड की छुट्टियां रहेंगी।
- कोरोना के बढ़ते मामलों पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार इसे रोकने के लिए काम कर रही है। राज्य सरकार के साथ लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वह कोरोना को नियंत्रित करने में सहयोग करें। कुछ पढ़े-लिखे लोगों की लापरवाही के कारण पूरे दिल्ली वासियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
- अमेरिका में 11 दिसंबर से वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। उधर, ब्रिटेन, जर्मनी में भी दिसंबर से औपचारिक तौर पर टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। उधर, परीक्षणों में ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका वैक्सीन (कोवीशील्ड) 90% तक असरदार पाई गई है।
- देश में टेस्टिंग में भी कमी आई है। रविवार को 8.49 लाख टेस्ट किए गए। 12 नवंबर के बाद से यह छठवीं बार है, जब 10 लाख से कम टेस्ट किए गए। इससे पहले 13 नवंबर को 9.29 लाख, 14 नवंबर को 8.05 लाख, 15 नवंबर को 8.61 लाख, 16 नवंबर को 8.44 लाख और 17 नवंबर को 9.37 लाख टेस्ट किए गए।
- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने इंडिया टुडे को बताया कि भारत में वैक्सीन अगले साल के शुरुआती तीन महीनों में मिलने की उम्मीद है। सितंबर 2021 तक 25-30 करोड़ भारतीयों को टीका लगाया जा सकता है। सबसे पहले हेल्थ वर्कर्स का वैक्सीनेशन होगा।
- इंदौर प्रशासन ने कोरोना की नई गाइडलाइन जारी की। अब दुकानें रात आठ बजे ही बंद करनी होंगी, जो सुबह छह बजे खोली जा सकेंगी। शादी, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में 250 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। शादी रात 10 बजे तक खत्म करना होगी। शव यात्रा ,उठावने और जनाजे में भी अधिकतम 50 लोग शामिल हो सकेंगे।