स्वच्छता और खुले में शौच रोकने के लिए अब बिलासपुर रेलवे मंडल 88 स्टेशनों के बाहर शौचालय का निर्माण कराएगा। इसमें उसलापुर और बिलासपुर सहित मंडल के हॉल्ट (छोटे) स्टेशन भी शामिल हैं। यहां पर पुरुषों के अलावा महिलाओं व दिव्यांग जनों के लिए अलग से शौचालय बनेंगे। दोनों की सुविधा के लिए विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके चलते रैंप भी बनाया जाएगा।
जिन स्टेशनों का चयन किया गया है, उनमें कई ऐसे भी हैं, जहां शौचालय की सुविधा नहीं है। इसके चलते गंदगी फैली रहती है। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति में हॉल्ट स्टेशन हैं। ऐसे में ट्रेन का स्टॉपेज होने के बावजूद यात्री छोटे स्टेशनों से सफर करने में परहेज करते हैं और जंक्शन व अन्य स्टेशनों पर भीड़ बढ़ती है। स्टेशन के अंदर तो शौचालय की सुविधा है, लेकिन बाहर इसका अभाव था।
SECL ने CSR फंड से दी है निर्माण कार्य के लिए राशि
इन शौचालयों के निर्माण के लिए SECL ने CSR फंड से राशि दी है। रेल अफसरों के अनुसार, शौचालय निर्माण सीधे रेलवे बोर्ड स्तर पर हो रहा है। केवल रेल मंडलों से सर्वे कर जगह चिन्हित करने के लिए कहा गया था। कुछ महीने पहले सर्वे भी हुआ। जोनल स्टेशन में पहले से सुलभ शौचालय है। इसलिए यहां शौचालय गुड्स शेड के पास बनाया जा रहा है।