महिला सांसदों के साथ मारपीट के विरोध में आज खुद मुख्यमंत्री करेंगे प्रदर्शन

महिला सांसदों के साथ मारपीट के विरोध में आज खुद मुख्यमंत्री करेंगे प्रदर्शन

बीमा विधेयक के बाद संसद की राज्यसभा में हंगामा और मार्शलों से सांसदों के साथ धक्कामुक्की के विवाद पर भाजपा और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। इधर कांग्रेस ने तय किया है, इस मामले को वह गर्म रखेगी। कांग्रेस की महिला सांसदों के साथ हुई मारपीट के विरोध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज खुद प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं। यह मौन प्रदर्शन शाम 5 बजे से रायपुर के गांधी मैदान में होगा।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया, संसद में लोकतंत्र की हत्या और छत्तीसगढ़ की दो बेटियों सांसद फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा के साथ राज्यसभा में हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ कांग्रेस आज मौन विरोध प्रदर्शन करेगी। रायपुर के गांधी मैदान में शाम 5 बजे से प्रस्तावित मौन प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम कल अपने साथ हुई मारपीट और धक्का-मुक्की की घटना बताते हुए रो पड़ी थीं। सांसद छाया वर्मा का भी गला रुंध आया था। कल दोनों नेताओं ने कहा, भाजपा सरकार ने एक साजिश के साथ विपक्ष के सांसदों के साथ यह दुर्व्यवहार कराया। अब भाजपा के सांसद उनपर ही उंगली उठा रहे हैं। कांग्रेस ने कल प्रदेश भर में इसके खिलाफ प्रदर्शन किया था। भाजपा नेताओं के पुतले जलाए।

महिला कांग्रेस ने रायपुर में भाजपा सांसद सुनील सोनी के आवास को घेरने की कोशिश की। महिला कांग्रेस का कहना था, सांसद सुनील सोनी ने छत्तीसगढ़ की महिला सांसदों पर मारपीट करने का आरोप लगाकर प्रदेश की बेटियों का अपमान किया है। भाजपा सांसद सुनील सोनी ने कहा था, कांग्रेस की दोनों सांसदों ने राज्यसभा की महिला मार्शल के साथ मारपीट की है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा, संसद में कांग्रेस की महिला सांसदों के आचरण ने छत्तीसगढ़ को शर्मिन्दा और लोकतंत्र को कलंकित करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय व सांसद सुनील सोनी ने कांग्रेस की महिला सांसदों के आचरण को लेकर वही सच बयान किया है, जो पूरे देश ने देखा है। दरअसल, झूठ की सियासत करती कांग्रेस अब सच का सामना करने की स्थिति में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *