बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन इस साल सितंबर या अक्टूबर में आ सकती है। पुणे के ICMR और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की डायरेक्टर डॉ. प्रिया अब्राहम ने यह जानकारी दी है। एक इंटरव्यू में अब्राहम ने कहा कि 2 से 18 साल के बच्चों के लिए कोवैक्सिन के फेज 2 और 3 के ट्रायल चल रहे हैं। उम्मीद है कि इसके नतीजे जल्द मिल जाएंगे। इन्हें रेगुलेटर अथॉरिटी को पेश किया जाएगा। इसलिए सितंबर तक या उसके ठीक बाद हमारे पास बच्चों के लिए कोरोना का टीका हो सकता है।
उन्होंने बताया कि कोवैक्सिन के अलावा जायड्स कैडिला के टीके का बच्चों पर ट्रायल चल रहा है। जाइडस कैडिला की वैक्सीन इस्तेमाल के लिए उपलब्ध पहला DNA वैक्सीन होगी। इसके अलावा, जेनोवा बायोफर्मासिटिकल्स लिमिटेड का m-RNA, बायोलॉजिकल-ई टीका, सीरम इंस्टीट्यूट की नोवोवैक्स और भारत बायोटेक की इंट्रानेसल वैक्सीन भी ट्रायल फेज में हैं।