बाड़मेर में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान क्रैश हुआ एयरफोर्स का मिग-21 बाइसन

राजस्थान के बाड़मेर में एयरफोर्स का मिग 21 फाइटर जेट क्रैश हो गया है। एयरफोर्स के मुताबिक, हादसा बुधवार को शाम 5.30 बजे भूरटिया गांव में हुआ। फाइटर जेट ट्रेनिंग उड़ान पर था। टेक ऑफ के बाद इसमें तकनीकी खराबी आ गई और प्लेन एक झोपड़ी पर जा गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। प्लेन क्रैश होने से पहले पायलट ने खुद को इजेक्ट कर लिया था। एयरफोर्स ने प्लेन क्रैश होने पर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी ऑर्डर कर दी है।

क्रैश हुए मिग 21 फाइटर का पायलट हादसे की जगह से एक किलोमीटर दूर नवजी का पाना गांव के पास मिला। स्थानीय लोगों ने उसे संभाला और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया है। एयरफोर्स की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।

इससे पहले 17 मार्च को भी एक हादसे में फाइटर विमान MIG-21 बाइसन उड़ान के दौरान क्रैश हुआ था। इस हादसे में एयरफोर्स के कैप्टन की जान चली गई थी। जनवरी में राजस्थान के सूरतगढ़ में भी मिग-21 बाइसन क्रैश हुआ था। उस वक्त उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी।

किसी जमाने में मिग-21 को इंडियन एयरफोर्स का बैकबोन कहा जाता था, लेकिन अब ये विमान पुराने हो चुके हैं। अपग्रेड के बावजूद ये न तो वॉर के लिए फिट हैं और न ही उड़ान के लिए। बीते 5 साल में 483 से ज्यादा मिग-21 विमान हादसे के शिकार हो चुके हैं। इन हादसों में 170 से ज्यादा पायलटों की जान जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *