धाकड़:कंगना रनोट फिल्म में नजर आएंगी 10 अलग-अलग लुक्‍स में

अगले साल के पहले हाफ तक कंगना रनोट की दो बैक टू बैक एक्‍शन जॉनर की फिल्‍म रिलीज होने के लिए तैयार हैं। वो फिल्म ‘धाकड़’ और ‘तेजस’ हैं। ‘धाकड़’ की शूटिंग जहां वो पूरी कर चुकी हैं, वहीं ‘तेजस’ की शूटिंग इन दिनों जारी है। साथ ही 10 सितंबर को उनकी जयललिता पर अधारित बायोपिक फिल्म ‘थलाईवी’ रिलीज हो रही है। फिल्म ‘धाकड़’ से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इस फिल्‍म में वो हार्डकोर एक्‍शन करते नजर आएंगी। फिल्म में वो एजेंट के रोल में हैं। इसका अभी पोस्‍ट प्रोडक्‍शन जारी है। कोशिश है कि ‘थलाईवी’ के साथ इसका टीजर लॉन्‍च किया जाए। इस पर हालांकि दोनों फिल्‍मों के मेकर्स के बीच बातचीत का दौर जारी है।

सूत्रों ने ‘धाकड़’ से जुड़ीं और भी महत्‍वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं। उन्‍होंने कहा, “कंगना रनोट इसमें 10 अलग-अलग लुक्‍स में नजर आएंगी। वो इसलिए कि बतौर एजेंट उनका सामना फिल्‍म में मानव तस्‍करी करने वाले गिरोह से है। उनमें सेंध लगाने के लिए कंगना का किरदार कभी तवायफ तो कभी बार डांसर और कभी एजेंट के रूप में नजर आएगा।”

मेकर्स ने साथ ही ‘एक्‍वामैन’ और ‘मिशन इंपॉसिबल’ के एक्‍शन डिजाइन कर चुकी टीम को फिल्म के लिए हायर किया है। अवॉर्ड विनर जैपनीज सिनेमैटोग्राफर टेट्सुओ नगाटा ने फिल्म में कैमरा वर्क किया है। वह 75 साल के हैं। टेट्सुओ नगाटा जापान के हैं, मगर फ्रांस में बसकर रह गए हैं। वर्ल्‍ड सिनेमा में उनका बड़ा नाम है। पूरी फिल्‍म में चार एक्‍शन डायरेक्‍टर्स के द्वारा स्‍टंट डिजाइन किए गए हैं। इंडिया से परवेज शेख ने भोपाल में पहले शेड्यूल में स्‍टंट डिजाइन किए। बूडापेस्‍ट में ‘एवेंजर्स’ फेम सीयंगहो की भी सेवाएं ली गईं। सीयंगहो ने इससे पहले फिल्‍म ‘वॉर’ में ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ के एक्‍शन सीन्स को कोरियोग्राफ किया था। इसके अलावा बूडापेस्‍ट से लोकल स्‍टंट टीम से जैलो कोसा ने कंगना रनोट के एक्‍शन सीन्स को कोरियोग्राफ किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *