हफ्ते के पहले दिन बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान पहली बार सेंसेक्स ने 56,958 और निफ्टी ने 16,951 का रिकॉर्ड स्तर छुआ। सेंसेक्स 765 अंक चढ़कर 56,890 पर और निफ्टी 226 अंक चढ़कर 16,931 पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 56,329 पर और निफ्टी 16,775 पर खुला था।
बाजार में जमकर खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर्स में खरीदारी हुई, जबकि 4 शेयर्स में गिरावट रही। जिसमें भारती एयरटेल के शेयर 5.19% की तेजी के साथ 624.75 पर बंद हुए। एक्सिस बैंक के शेयर 4% की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडिया के शेयर में 1.10% की गिरावट रही।
BSE पर 3,497 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 2,215 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,096 शेयर्स लाल निशान में बंद हुए। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 247.34 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 176 अंक चढ़कर 56,124 पर और निफ्टी 68 अंक चढ़कर 16,705 पर बंद हुआ था।
BSE पर कारोबार के दौरान 211 शेयर्स 52 हफ्तों के ऊपरी स्तर पर और 32 शेयर्स 52 हफ्तों के निचले स्तर पर कारोबार करते दिखे। इसके अलावा 435 शेयर्स में अपर सर्किट लगा तो वहीं 224 शेयर्स में लोअर सर्किट लगा।
NSE पर IT इंडेक्स को छोड़कर सभी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। जिसमें मेटल, बैंकिंग, ऑटो और फार्मा शेयर्स में खरीदारी देखने को मिली। इसी के साथ भारती एयरटेल 5.02% की तेजी के साथ निफ्टी का टॉप गेनर बना।
अमेरिका के शेयर बाजार के हाल
इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार में भी खरीदारी देखने को मिली। डाओ जोंस 0.69% की बढ़त के साथ 35,455 पर बंद हुआ। नैस्डैक 1.23% की तेजी के साथ 15,129 और S&P 500 0.88% बढ़कर 4,509 पर बंद हुआ।