बिग बॉस विनर सिद्धार्थ शुक्ला का निधन

बिग बॉस विनर सिद्धार्थ शुक्ला का निधन

बिग बॉस-13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला का गुरुवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे 40 साल के ही थे। उनके शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन उनका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और इसकी वीडियोग्राफी भी हो रही है। सिद्धार्थ के निधन की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री स्तब्ध है। उन्हें बिग बॉस विनर का खिताब देने वाले सलमान खान ने कहा कि सिद्धार्थ बहुत जल्दी चला गया।

सिद्धार्थ के परिवार ने मौत को लेकर किसी तरह की आशंका जाहिर नहीं की है। पुलिस ने सिद्धार्थ की मां, बहन और जीजा का बयान दर्ज कर लिया है।

सिद्धार्थ इन दिनों शहनाज के साथ रिलेशनशिप में थे। दोनों की जोड़ी सिडनाज के नाम से मशहूर थी। सिद्धार्थ की मौत के बाद शहनाज को गहरा सदमा लगा है। शहनाज सिद्धार्थ से शादी करना भी चाहती थीं। ये बात सिद्धार्थ के करीबी दोस्त और बिग बॉस-13 के पार्टिसिपेंट अबु मलिक ने मीडिया को बताईं। जिस वक्त सिद्धार्थ घर में बेसुध थे, उस वक्त भी शहनाज वहां मौजूद थीं। वे अक्सर सिद्धार्थ से मिलने उनके घर जाया करती थीं।

मीडिया ने इस संबंध में शहनाज के पिता संतोख सिंह सुख से बात की। एक रिपोर्ट के मुताबिक, संतोख ने कहा- बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। शहनाज बोल रही थी कि पापा उसने मेरे हाथों में दम तोड़ा है। अब मैं कैसे जियूंगी। मेरे हाथों में वो इस दुनिया को छोड़कर चला गया।

शहनाज बिगबॉस-13 में सिद्धार्थ के साथ थीं। शो में दोनों के बीच अफेयर की अफवाहें शुरू हुईं। शोखत्म होने के बाद भी शहनाज ने हमेशा खुलकर इस बात का जिक्र किया कि उन्हें सिद्धार्थ पसंद हैं। हालांकि, सिद्धार्थ ने कभी माना नहीं कि वे शहनाज के साथ रिलेशनशिप में हैं, लेकिन इससे इनकार भी नहीं किया।

सिद्धार्थ को मां रीता के साथ बुधवार शाम टहलते हुए देखा गया था। सिद्धार्थ ने बुधवार रात सोने से पहले कुछ दवाएं ली थीं। रात करीब 3 बजे उन्हें बेचैनी हुई और उन्होंने मां रीता से पानी मांगा। उन्हें बताया कि ठीक नहीं लग रहा है। इसके बाद सिद्धार्थ सोने चले गए। सुबह जब मां ने जगाने की कोशिश की तो वे नहीं जागे। मां ने बेटी प्रीति को फोन किया, जो अपने पति के साथ आईं और इसके बाद सिद्धार्थ को कूपर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

सिद्धार्थ की तबीयत बिगड़ने पर फैमिली डॉक्टर को बुलाया गया था, जो सुबह करीब 8 बजे पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थ को अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। सिद्धार्थ रोजाना 3-4 घंटे वर्जिश करते थे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें ज्यादा वर्जिश के लिए मना कर दिया था।

सिद्धार्थ का जन्म मुंबई में 1980 में हुआ था। उन्होंने मॉडल के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। 2005 में उन्होंने वर्ल्ड बेस्ट मॉडल का खिताब भी जीता था। बाद में वो टेलीविजन सीरियल्स में नजर आने लगे। सिद्धार्थ ‘ब्रोकेन बट ब्यूटीफुल-3’, ‘बालिका वधु’ और ‘दिल से दिल तक’ जैसे सीरियल्स से मशहूर हुए। उन्होंने फियर फैक्टर सीजन 7 भी जीता था। सिद्धार्थ सावधान इंडिया और इंडिया गॉट टैलेंट जैसे शो भी होस्ट कर चुके हैं।

बालिका वधु के तीन किरदार पूरे हिंदुस्तान में फेमस थे। आनंदी, शिव और दादीसा, ये तीनों ही अब इस दुनिया में नहीं हैं। आनंदी का किरदार निभाया था प्रत्यूषा बनर्जी ने और 2010 से वो इस शो से जुड़ीं। वो बड़ी आनंदी का किरदार निभा रही थीं। 1 अप्रैल 2016 को प्रत्यूषा की बॉडी उनके मुंबई स्थित अपार्टमेंट में फंदे से लटकी मिली थी। दादी सा का किरदार निभाया था, दिग्गज एक्टर सुरेखा सीकरी ने। उनका इसी साल 16 जुलाई को निधन हो गया। उन्हें भी हार्ट अटैक आया था। इससे पहले उन्हें दो बार ब्रेन स्ट्रोक आ चुका था। शिव का किरदार निभाया था सिद्धार्थ शुक्ला ने, जिनकी आज हार्ट अटैक से जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *