दिल्ली में फिर रिकॉर्ड तोड़ बारिश

देश की राजधानी में शुक्रवार रात से बारिश हो रही है। दिल्ली में इस साल भले ही मानसून ने देर से दस्तक की हो, लेकिन इसने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राजधानी दिल्ली में इस मानसून सीजन में अब तक 1005.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह 2010 के बाद से पहली बार है जब दिल्ली में बारिश ने मानसून में 1000 मिमी का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले 1 सितंबर को दिल्ली में 19 साल बाद एक दिन की ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बना था।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी दिल्ली-NCR में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दिल्ली, NCR, हरियाणा और UP के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 1 जून से मानसून शुरू होता है। बरसात के पूरे सीजन में यहां औसतन 649.8 मिमी बारिश होती है। बात 1 जून से 10 सितंबर तक की करें तो औसतन 586.4 मिमी बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 10 सितंबर को 1005.3 पर पहुंच गया। इससे पहले यहां 2003 में 1005 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

दिल्ली में जुलाई 13 को मानसून की एंट्री हुई। यह 19 साल की सबसे देरी से पहुंचा। इसके बावजूद यहां 16 दिन बारिश हुई जो चार साल में सबसे ज्यादा है। अगस्त में सिर्फ 10 दिन बारिश हुई जो सात साल में सबसे कम है। वहीं, सितंबर में अब तक 248.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि आमतौर पर दिल्ली में सितंबर में 129.8 मिमी बारिश होती है।

स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के चलते मानसून पैटर्न में बदलाव हो रहा है। अब सिर्फ 24 घंटे में 100 मिमी तक बारिश हो रही है, पहले इतनी बारिश 10 से 15 दिन में होती थी। ऐसी बारिश से ग्राउंडवॉटर रिचार्ज नहीं होता और निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *