प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अहमदाबाद में सरदारधाम भवन का उद्घाटन किया। यह भवन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले ग्रामीण इलाकों की लड़कियों और लड़कों को छात्रावास की सुविधा मुहैया कराएगा। पाटीदार समाज की ओर से विकसित इस कॉम्प्लेक्स में स्टूडेंट्स को उचित दर पर ट्रेनिंग, बोर्डिंग और रहने की सुविधा मिलेगी।
PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुबह 11 बजे सरदारधाम फेज-II कन्या छात्रावास का भूमि पूजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी मौजूद रहे।
सरदारधाम भवन का लोकार्पण करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ”किसी भी शुभ काम से पहले हमारे यहां गणेश पूजन की परंपरा है और शौभाग्य से सरदारधाम भवन का श्रीगणेश भी गणेश पूजन के पवित्र त्योहार के अवसर पर हो रहा है।”
पीएम मोदी ने शिकागो में दिए गए विवेकानंद के भाषण को याद करते हुए कहा कि आज के ही दिन 1893 में शिकागो में विश्व धर्म संसद का आयोजन हुआ था। आज के ही दिन स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक मंच पर खड़े होकर दुनिया को भारत के मानवीय मूल्यों से परिचित करवाया था।
वहीं, अमेरिका में 20 साल पहले हुए 9/11 आतंकी हमले की बरसी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा – ‘’आज 11 सितंबर यानी 9/11 है. दुनिया के इतिहास की एक ऐसी तारीख जिसे मानवता पर प्रहार के लिए जाना जाता है. लेकिन इसी तारीख ने पूरे विश्व को काफी कुछ सिखाया भी है. एक सदी पहले ये 11 सितंबर 1893 का ही दिन था जब शिकागो में विश्व धर्म संसद का आयोजन हुआ था.’’ उन्होंने कहा, ‘’आज के ही दिन स्वामी विवेकानंद ने उस वैश्विक मंच पर खड़े होकर दुनिया को भारत के मानवीय मूल्यों से परिचित कराया था. आज दुनिया ये महसूस कर रही है कि 9/11 जैसी त्रासदियों का स्थायी समाधान, मानवता के इन्हीं मूल्यों से ही होगा.’’
पीएम मोदी ने कहा, ‘’बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में सुब्रमण्य भारती जी के नाम से एक चेयर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है. तमिल स्टडिज पर ‘सुब्रमण्य भारती चेयर’ BHU के फेकल्टी ऑफ आर्ट्स में स्थापित होगी. भविष्य में मार्केट में कैसी स्किल की डिमांड होगी, भविष्य की दुनिया का नेतृत्व करने के लिए हमारे युवाओं को क्या कुछ चाहिए होगा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति छात्रों को शुरुआत से ही इसके लिए तैयार करेगी.’’
बता दें, सरदारधाम एजुकेशनल और सामाजिक बदलाव, समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान और युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराने की दिशा में काम कर रहा है। अहमदाबाद में भवन के पहले फेज का काम 200 करोड़ रुपए की लागत से पूरा हुआ है। यह अहमदाबाद-गांधीनगर सीमा क्षेत्र में वैष्णोदेवी सर्कल के पास 11,672 वर्ग फुट में बनाया गया है।सरदारधाम में 1.6 हजार स्टूडेंट्स के लिए आवासीय सुविधाएं, 1 हजार कंप्यूटर सिस्टम, ई-लाइब्रेरी, हाई टेक क्लासरूम, जिम, ऑडिटोरियम, 50 लग्जरी कमरों के साथ रेस्ट हाउस और राजनीतिक बैठकों के लिए दूसरी सुविधाएं हैं।