दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में NMDC पर अवैध कब्जा करने के आरोप लगे हैं। 9 जगह हुए कब्जा को हटाने के संबंध में बाकायदा पालिका ने NMDC के अधिकारियों को नोटिस भी जारी किया है। 4 दफा नोटिस के बाद अब NMDC व नगर पालिका के बीच टकराव और भी बढ़ता जा रहा है। आखिरी नोटिस के बाद नगर पालिका सख्ती बरतते हुए कब्जा हटाने के मूड में है। इस मामले के संबंध में CM भूपेश बघेल से भी शिकायत हो चुकी है।
नगर पालिका अध्यक्ष मृणाल राय ने बताया कि, अंतिम नोटिस के बाद यदि NMDC कब्जा नहीं हटाएगा तो नगर पालिका अतिक्रमण में बुलडोजर चलाने बाध्य होगा। कहा कि, 1997 से NMDC ने नगर पालिका क्षेत्र में अवैध कब्जा कर रखा हुआ है। जिसके सारे दस्तावेज हमारे पास हैं। NMDC को कई बार नोटिस देकर कहा गया है कि कब्जा हटा लें। NMDC ने नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से क्वार्टर बनाया, भवन बनाया है। जबकि उनके पास पट्टा ही नहीं है। हम सबूत के साथ बात कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि होने के नाते मैं शहर का विकास चाहता हूं।
किरंदुल नगर पालिका व NMDC के बीच लंबे समय से अवैध कब्जा को लेकर टकराहट चल रही है। अब तक सिर्फ नोटिस ही जारी किया जा रहा था, लेकिन अब नगर पालिका अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। दरअसल मामला काफी साल पुराना है। नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद मृणाल ने सबसे पहले इन्हीं फाइलों को खंगाला और NMDC को फिर से नोटिस भेजना शुरू किया।
इस मामले के संबंध में CM, प्रभारी मंत्री, सांसद तक भी शिकायत हो चुकी है। बाकायदा इसके लिए NMDC अफसरों व नगर पालिका के बीच दो महीने पहले बैठक भी हुई थी। जिसमें नगर पालिका ने दो महीने का समय दिया था। लेकिन अब तक मामला जस का तस है। मृणाल ने कहा कि, NMDC को काफी समय दिया जा रहा है। कुछ दिनों बाद आखिरी नोटिस दिया जाएगा और फिर कार्रवाई होगी।