बोर्ड ने दी मंजूरी:IDFC म्यूचुअल फंड बिकने की तैयारी में

IDFC म्यूचुअल फंड बिकने की तैयारी में है। IDFC के बोर्ड ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। इसे 6 से 7 हजार करोड़ रुपए में बेचा जा सकता है।देश में म्यूचुअल फंड बिजनेस में IDFC 9 वें नंबर की कंपनी है। इसका असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) जून तिमाही में 1.26 लाख करोड़ रुपए था। इसमें से 27 हजार करोड़ रुपए इक्विटी का AUM है। बाकी AUM डेट और हाइब्रिड स्कीम में है। IDFC बोर्ड ने इसके लिए एक पैनल बनाया है जो इन्वेस्टमेंट बैंकर की नियुक्ति से लेकर इसकी हर प्रक्रिया को पूरी करेगा। AUM मतलब निवेशकों का जितना पैसा कंपनी के पास होता है।

साल 2018 में भी IDFC म्यूचुअल फंड बिकने की कगार पर थी। उस समय अवेंडस के साथ इसकी डील हो रही थी। पर वैल्यूएशन महंगा होने के कारण यह डील नहीं हो पाई थी। उसके बाद से ही बोर्ड इसके वैल्यूएशन को लेकर डील की तलाश में था। साथ ही इसकी IPO लाने की भी तैयारी थी। हालांकि वह भी पूरी नहीं हो पाई।

दरअसल IDFC म्यूचुअल फंड में जो इंस्टीट्यूशनल निवेशक हैं, वे इसमें से निकलना चाहते हैं। इसलिए वे इसके IPO या फिर किसी और डील के लिए बोर्ड पर दबाव डाल रहे हैं। कुछ निवेशकों ने IDFC बोर्ड के मैनेजमेंट से इसकी डील को लेकर समय का भी खुलासा करने को कहा है। निवेशक चाहते हैं कि जो भी समय तय हो, उस पर डील हो जाए। सूत्रों के मुताबिक, इस बार IDFC बोर्ड किसी तरह से इसे बेचने की प्रक्रिया को पूरी कर लेगा।

म्यूचुअल फंड बिजनेस का वैल्यूएशन उसके AUM के आधार पर होता है। AUM की तुलना में 5 से 6% के वैल्यूएशन पर डील होती है। इक्विटी और डेट में IDFC के पास अच्छी मैनेजमेंट टीम है। IDFC म्यूचुअल फंड फायदा कमानेवाला फंड हाउस है। मार्च 2021 में खत्म हुए वित्त वर्ष में कंपनी को 144 करोड़ रुपए का फायदा हुआ था। एक साल पहले की तुलना में यह 81% ज्यादा था।

देश में फायदा कमाने वाले फंड हाउस में SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल, HDFC म्यूचुअल फंड, निप्पोन इंडिया, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, बिरला म्यूचुअल फंड जैसे दो दर्जन फंड हाउस हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *