भारती एयरटेल का 5 अक्टूबर को खुलेगा राइट्स इश्यू

अगर आप टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल के शेयर होल्डर हैं तो आपके पास कंपनी के शेयर डिस्काउंट में खरीदने का मौका है। एयरटेल का राइट्स इश्यू अगले महीने 5 अक्टूबर को खुलेगा और 21 अक्टूबर को बंद होगा। राइट्स इश्यू के जरिए कंपनी की करीब 21,000 करोड़ रुपए जुटाने की योजना है। यह फंड 230 रुपए के प्रीमियम समेत 535 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जुटाया जाएगा।

अभी भारती एयरटेल के शेयर का भाव 727 रुपए है। वहीं राइट्स इश्यू में कंपनी के शेयर होल्डर को 535 रुपए में शेयर बेचेगी। इस लिहाज से प्रति शेयर निवेशकों को अच्छा डिस्काउंट मिलेगा। कंपनी के मुताबिक राइट इश्यू की पात्रता को लेकर रिकॉर्ड डेट 28 सितंबर तय की गई है। भारती एयरटेल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 29 अगस्त को राइट्स इश्यू के जरिए 21 हजार करोड़ रुपए का फंड जुटाने को मंजूरी दी थीकंपनियां राइट्स इश्यू का इस्तेमाल फंड जुटाने के लिए करती हैं। इसमें पुराने शेयर होल्डर्स को कम कीमत पर शेयर जारी किए जाते हैं। राइट्स इश्यू का मतलब होता है कि कंपनी कुछ नया काम करने जा रही है। इससे शेयर में तेजी आती है। वैसे कुछ कंपनियां अपना कर्ज कम करने या खत्म करने के लिए भी राइट्स इश्यू का सहारा लेती हैं।

राइट्स इश्यू में पुराने शेयर होल्डर्स को ही कम कीमत पर शेयर बेचे जाते हैं। यानी जिनका पहले से ही कंपनी के शेयर्स में निवेश होता है, वही राइट्स इश्यू के जरिए डिस्काउंट पर शेयर खरीद सकते हैं। इसके लिए कंपनी ही अवधि तय करती है और इसी अवधि में आप शेयर खरीद सकते हैं।

शेयरधारक निश्चित अनुपात में ही राइट्स इश्यू में शेयर खरीद सकते हैं। अगर कंपनी ने राइट्स इश्यू के लिए 1:5 का अनुपात तय किया है तो इसका मतलब है कि शेयर होल्डर को पहले से उसके पास मौजूद हर 5 शेयर पर 1 अतिरिक्त शेयर खरीदने का मौका होगा। अगर अनुपात 1:10 है तो पहले से मौजूद 10 शेयर पर 1 शेयर खरीद सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *