22 अक्टूबर से खुलेंगे महाराष्ट्र के थिएटर:

महाराष्ट्र सरकार ने 22 अक्टूबर से पूरे राज्य में थिएटर शुरू करने की घोषणा कर दी है। इसी घोषणा के साथ लंबे समय से अटकी बड़ी फिल्मों की रिलीज डेट भी घोषित होने लगी हैं। इस कतार में सबसे आगे रोहित शेट्टी की अक्षय कुमार स्टारर सूर्यवंशी है। ये दीपावली के मौके पर सिनेमाघरों में आएगी।

रोहित शेट्टी के साथ ही कई और बड़े बैनर अपनी फिल्मों की रिलीज डेट घोषित करने के बारे में विचार कर रहे हैं। करीब 19 फिल्में हैं, जो रिलीज के इंतजार में हैं। इन फिल्मों की कुल लागत करीब 1500 करोड़ रुपए है। महाराष्ट्र से फिल्मों के कुल बिजनेस का करीब 40% रेवेन्यू आता है। फिल्म उद्योग को महाराष्ट्र के थिएटर खुलने से बॉक्स ऑफिस की पुरानी चमक लौटने की उम्मीद है।देश के ज्यादातर हिस्सों में 30 जुलाई को थिएटर खुले तब सिर्फ हॉलीवुड की फिल्में ही रिलीज हुईं। अक्षय कुमार की बेल बॉटम ने 19 अगस्त से बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला था, लेकिन कलेक्शन बहुत अच्छे नहीं रहे। एक महीने में इसकी कमाई महज 30 करोड़ रही। अमिताभ बच्चन की चेहरे का कलेक्शन 2 करोड़ ही रहा। कंगना रनोट की फिल्म ‘थलाइवी’ 10 सितंबर को ही रिलीज़ हुई लेकिन ये भी कोई करिश्मा नहीं कर पाई।

महाराष्ट्र सरकार के फैसले के तुरंत बाद प्रोड्यूसर-डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने ‘सूर्यवंशी’ फिल्म इस दिवाली पर रिलीज करने की घोषणा कर दी है। इसके अलावा ‘राधेश्याम’ की रिलीज डेट 14 जनवरी 2022 अनाउंस हो चुकी है। वैसे ही ‘तड़प’ की रिलीज डेट 3 दिसंबर 2021 अनाउंस हो चुकी है।

ट्रेड एक्सपर्ट और ट्रेड मैगजीन ‘कंप्लीट सिनेमा’ के संपादक अतुल मोहन ने बताया कि महाराष्ट्र में थिएटर खुलने से अब फिल्में आएंगी, मगर अभी भी कुछ ऐसी फिल्में जो बॉक्स ऑफिस पर 100-200 करोड़ कमाने का दम रखती हैं, शायद और इंतजार करें, ऐसा हो सकता है।

ज्यादातर राज्यों में 100% ऑक्युपेंसी मिल जाए, नाइट शो भी शुरू हो जाएं, लोग भी बेधड़क थिएटर में आएं, इन सब में अभी समय लगेगा।

मुंबई के अलावा गुजरात, दिल्ली, यूपी के बड़े सेंटर में नार्मल फुटफॉल मिलने लगे उसके बाद ही 100 करोड़ की कमाई टारगेट अचीव हो सकता है।

इलारा कैपिटल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट करन तौरानी ने बताया कि ये बॉलीवुड ही नहीं, हॉलीवुड के लिए भी बड़ी अच्छी खबर है क्योंकि हॉलीवुड फिल्मों की तो 30%- 40% व्यूअरशिप महाराष्ट्र से होती है। अब हॉलीवुड की रिलीज भी बढ़ेगी।

करन ने बताया कि राजस्थान और कर्नाटक में 100% ऑक्युपेंसी की अनुमति मिल चुकी है। अगर वैक्सीनेशन तेज रफ्तार से हुआ और तीसरी लहर नहीं आती है तो अगले दो-तीन महीने में बाकी के राज्य में भी इसकी अनुमति मिल सकती है। इसके बाद हम बॉलीवुड रिलीज में सही रफ्तार देख पाएंगे।

करन बताते हैं कि वैसे भी बड़ी फिल्मों के लिए थिएटर रिलीज में कमाई की जितनी बड़ी संभावना रहती है, उतनी रकम उन्हें ओटीटी डील में नहीं मिलती है। अब बड़ी फिल्में ओटीटी की ओर रुख नहीं करेंगी।

हालांकि, अतुल मोहन ने बताया कि ओटीटी की ओर से फिल्मों की एग्रेसिव डील जारी रहेगी। वह अपनी लाइब्रेरी बढ़ाना चाहते हैं। दूसरी और कुछ प्रोड्यूसर्स को अगर लगता है कि थिएटर बिजनेस में उन्हें ज्यादा उम्मीद नहीं है तो उनके लिए ओटीटी विंडो हमेशा से ओपन है ही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *