कांग्रेस सांसद ने कहा- पंजाब की जिन्हें समझ नहीं वे मसले सुलझा रहे हैं

पंजाब कांग्रेस प्रधान पद से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू पर सांसद मनीष तिवारी ने वार किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पंजाब की समझ नहीं है, वो मसले सुलझा रहे हैं। तिवारी ने पंजाब के हालात पर चिंता जाहिर की। मनीष तिवारी श्री आनंदपुर साहिब से सांसद हैं।

मनीष तिवारी ने आगे कहा कि पंजाब की मौजूदा स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। यहां अस्थिरता का माहौल देखकर कोई खुश होगा तो वह पाकिस्तान है। उन्हें लगता होगा कि पंजाब के इन अस्थिर हालात में काले मंसूबों को अंजाम देने का मौका मिल जाएगा।

तिवारी ने कहा कि पंजाब पाकिस्तान का सीमावर्ती राज्य है। इसे सुरक्षित हाथों में होना चाहिए। चुनाव एक पहलू जरूर है, लेकिन राष्ट्र हित सबसे ऊपर है। पंजाब में तत्काल राजनीतिक स्थिरता बहाल करने की जरूरत है। तिवारी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति को अच्छे से समझते हैं। तिवारी को कैप्टन का करीबी समझा जाता है। सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनाने का तिवारी ने भी विरोध किया था।

तिवारी ने कहा कि पंजाब से सांसद होने के नाते वह बहुत चिंतित हैं। यहां हो रही घटनाएं बहुत दुखी कर रही हैं। पंजाब में यह शांति बड़ी मुश्किल से आई है। इसके लिए आतंकवाद से लड़ते हुए करीब 25 हजार लोगों ने कुर्बानी दी। इनमें कई कांग्रेसी भी हैं, जिन्होंने अपनी जान कुर्बान की।तिवारी ने कहा कि अफगानिस्तान में जिस तरीके से तालिबान ने कब्जा किया, उस लिहाज से देखें तो कश्मीर के साथ पंजाब पर भी बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा है। इस परिस्थिति में दलगत राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। मेरा कोई मंत्री, एडवोकेट जनरल या अफसर नहीं लगा, इस सबसे ऊपर उठना चाहिए। हमें पंजाब के लोगों और एक साल से लड़ाई लड़ रहे किसानों के बारे में सोचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *