लखनऊ में आजादी का अमृत महोत्सव

देश की आजादी के 75वें वर्ष के मौके पर आज से तीन दिन राजधानी लखनऊ में अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में हैं। उन्होंने न्यू अर्बन इंडिया कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया। इसके बाद 75 हजार लाभार्थियों को वर्चुअली आवास की चाभी सौंपी। अब वे पांच लाभार्थियों से संवाद कर रहे हैं। इसकी शुरुआत आगरा की विमलेश से हुई है।

इससे पहले सीएम योगी ने कहा, आजादी के बाद आवास का सपना था। यह सपना 2014 के बाद साकार होता दिख रहा है। यूपी में 42 लाख परिवारों को आवास मिला है। शहरीकरण यूपी के लिए बहुत जरूरी है और शहरी विकास तेजी से बढ़ रहा है।

इधर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, योगी के मुख्यमंत्री बनने से पहले जून 2015 के बाद 20 महीनों के अंदर यूपी में केवल 20 हजार आवास बन पाए थे। योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद 20 महीनों के भीतर यह आंकड़ा 20 लाख में बदल में बदल गया है।

रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने कहा, अर्बन फ्यूचर का रोड मैप यह कॉन्क्लेव है। पीएम ने न्यू इंडिया का सपना देखा है। वे दिन रात इस सपने को साकार करने में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने अर्बन प्लानिंग पर फोकस किया था। भूकंप से तबाह, प्लेग से पीड़ित सूरत शहर की सूरत बदलने में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही, जो आज भी सराहनीय है।

सबसे पहले पीएम ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 110 तरह की आवासीय और व्यवसायिक निर्माण से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में अयोध्या के विकास, राम मंदिर का मॉडल और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, शहरी आवास योजना, स्मार्ट सिटी से जुड़ी नई बिल्डिंग तकनीक को शामिल किया गया है। यह कार्यक्रम केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय और नगर विकास विभाग की तरफ से आयोजित किया गया है।

पीएम मोदी के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, हरदीप सिंह पुरी, कौशल किशोर सहित देश के सभी राज्यों के नगर विकास मंत्री और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद हैं।

  • केंद्रीय मंत्री ने कहा, 2017 से पहले आवास का बनाने का आंकड़ा 20 हजार के करीब था, जो सीएम योगी के आने के बाद 20 लाख में बदल गया। योगी ने यूपी में अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर के बदलाव के लिए बहुत से काम किया है। 2015 से लेकर 2021 अर्बन इन्वेस्टमेंट 7 गुना से ज्यादा हो गई है।
  • 131 किलोमीटर मेट्रो पर यूपी में तेजी से काम चल रहा है। एयर कनेक्टिविटी के लिए भी यूपी में बहुत तेजी के साथ काम चल रहा है। अयोध्या में भी एयरपोर्ट पर काम चल रहा है।
  • मुझे ये कह कर गर्व हो रहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर अधिकतर महिलाओं के नाम पर है। 2030 तक 10 ट्रिलियन की इकोनॉमी बनने के लिए शुरू की केंद्रीय योजनाएं देश के परिवर्तन में अहम भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा नगरीय विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर सेमिनार और वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही आजादी के 75वें वर्ष पर 75 हाउसिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन, अर्बन ट्रांसपोर्ट, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में अब तक की उपलब्धियों से सम्बन्धित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।प्रधानमंत्री मोदी पीएम आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 75 जिलों के 75,000 लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से चाभी भी सौपेंगे। साथ ही स्मार्ट सिटी मिशन के तहत उत्तर प्रदेश की 10 स्मार्ट सिटीज की सफलता की 75 कहानियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगे। विशेष मौके पर प्रधानमंत्री द्वारा स्मार्ट सिटी व अमृत कार्यक्रम के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के विभिन्न 75 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाएगा, साथ ही, प्रदेश के विभिन्न शहरों में संचालन के लिए 75 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

तीन दिन तक चलने वाले कार्यक्रम में ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश-बदला नगरीय परिवेश’ राज्य पवेलियन की थीम तय की गई है। इसके अंतर्गत विभिन्न मिशनों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। स्टॉल के केंद्र में अयोध्या को प्रदर्शित करते हुए भव्य मॉडल का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन व स्मार्ट सिटी, अर्बन ट्रांसपोर्ट, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, मेट्रो, आदि के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के विभिन्न शहरों में कार्यान्वित आईसीसीसी/आईटीएमएस परियोजना का शहरों से लाइव प्रस्तुतीकरण भी होगा।

उद्घाटन सत्र के बाद सेमिनार और वेबीनार के माध्यम से नगरीय विकास से संबंधित प्रौद्योगिकी पर चर्चा की जाएगी। 04 अलग-अलग सत्रों में मध्य-आय वाले घरों के लिए उपयुक्त नवीन निर्माण सामग्री और निर्माण प्रौद्योगिकीय का उपयोग, संसाधन, अवसर, बाधाएं और चुनौतियां, स्वदेशी/नवीन तकनीक का उपयोग करते हुए प्रचार, प्रसार, प्रदर्शन और निर्माण के लिए रणनीति तथा आवास सुधार, शहरी परिदृश्य के परिवर्तन को सक्षम करने विषय पर विचार-विमर्श होगा। एक अन्य विशेष सत्र में उत्तर प्रदेश में PM आवास योजना (शहरी) के क्रियान्वयन में अपनाई गई रणनीतियां, क्षेत्र में विशिष्ट केस स्टडीज, प्रमुख उपलब्धियां, सीख एवं आगे की राह विषय पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *