सांसद सरोज पाण्डेय गंभीर रूप से घायल:अपने घर में ही गिरने से घायल हुईं भाजपा सांसद, पैर और कमर में गहरी चोट

भाजपा से राज्यसभा सांसद और भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य सरोज पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। आज दोपहर दुर्ग स्थित घर में गिरने की वजह से उनके पैर और कमर में गंभीर चोट आई है। उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल के आईसीयू में रखा गया था। वहां से उन्हें ग्रीन कॉरीडोर बनाकर रायपुर के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसके निर्देश दिए थे।

बताया जा रहा है, भाजपा सांसद सरोज पाण्डेय अपने दुर्ग के मैत्रीय नगर स्थित घर पर ही फिसलकर गिर पड़ीं। परिजनों ने उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी स्थिति गंभीर है। सेक्टर-9 अस्पताल की आईसीयू में उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें राजधानी रायपुर ले जाने की सलाह दी। इसकी जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर लाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सेक्टर-9 भिलाई से रायपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया गया। डीएसपी गुरजीत सिंह ने आनन-फानन में ग्रीन कॉरिडोर बनवाया। उसके बाद सरोज पाण्डेय को एम्बुलेंस से रायपुर लाया गया है। सांसद के साथ उनके भाई राकेश पाण्डेय, भाभी चारुलता और दूसरे परिजन मौजूद हैं।

12 मार्च 2018 को भी सरोज पाण्डेय सीढ़ियों से फिसलकर गिर पड़ी थीं। उनके पैर और हाथ में गंभीर चोट आई थी। उस समय वे भाजपा की राज्यसभा उम्मीदवार थीं। उस दिन सरोज अपनी मां को देखने सेक्टर-9 अस्पताल पहुंची थीं। वहां से लौटते समय वे सीढ़ियों से फिसलकर गिर पड़ी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *