वॉट्सअप और Gmail इस्तेमाल करने वाली मुस्लिम महिलाओं को हिरासत में ले रहा चीन, कहा- यह सायबर क्राइम

उईगर मुस्लिमों के खिलाफ चीन ने दमन तेज कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन के सैनिक और पुलिस उन मुस्लिम महिलाओं को हिरासत में ले रहे हैं जो वॉट्सअप या Gmail का इस्तेमाल कर रही हैं। चीन की सरकार इन्हें ‘प्री-क्रिमिनल्स’ बता रही है यानी वो लोग जो भविष्य में गंभीर अपराध कर सकते हैं। इसे सायबर क्राइम भी बताया जा रहा है। चीन की इन हरकतों का खुलासा एक नई किताब ‘इन द कैम्प्स: चायनास हाई-टेक पीनल कॉलोनी’ में किया गया है।

इस किताब के बारे में ‘बिजनेस इनसाइडर’ ने एक रिपोर्ट पब्लिश की है। वैसे तो चीन में वॉट्सअप और Gmail का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, क्योंकि यहां सरकारी नेटवर्क और मीडिया प्लेटफॉर्म हैं, लेकिन कुछ लोग वर्चुअल प्राईवेट नेटवर्क (VPN) के जरिए इनका इस्तेमाल कर लेते हैं। वॉशिंगटन में रहने वाली एक चीनी छात्रा शिनजियांग गई थी। वहां उसने वॉट्सअप और जीमेल का इस्तेमाल किया था। बाद में चीन की पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया। घटना 2017 के आखिर की है। वेरा झोऊ नाम की इस स्टूडेंट के मुताबिक, 2018 न्यू ईयर के दौरान भी वो जेल में थी।

झोऊ को 6 महीने जेल में रहना पड़ा और बाद में उसे इस शर्त पर रिहा किया गया कि वह नियमों का पालन करेगी और रोज स्थानीय प्रशासन के पास अटेंडेंस दर्ज कराएगी। चीन में उईगर और हुई मुस्लिम समुदाय हैं। इन पर चीनी सरकार पैनी नजर रखती है। करीब 10 लाख चीनी मुस्लिम हिरासत में हैं और उनके टॉर्चर की कहानियां कई बार दुनिया के सामने आ चुकी हैं।

झोऊ के मुताबिक, उसके साथ 11 और मुस्लिम महिलाओं को हिरासत में लिया गया था। चीन सरकार ने 2017 में प्री-क्रिमिनल्स कानून बनाया था। इसके आधार पर हजारों लोगों को हिरासत में ले लिया जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में ज्यादातर लोगों की हाईटेक मॉनिटरिंग की जाती है ताकि वे सरकार के खिलाफ किसी तरह की ऑनलाइन एक्टिविटी में हिस्सा न ले सकें। जिन लोगों पर जरा भी शक होता है उन्हें प्री-क्रिमिनल्स कानून के तहत हिरासत में लिया जाता है और टॉर्चर किया जाता है। इस कानून में इंटरनेट प्रोवाइडर्स से भी कहा गया है कि वे यूजर्स का डेटा सरकार को मुहैया कराएं।

एक महिला के मुताबिक, उसने वॉट्सअप इन्सटॉल किया था। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। यह महिला कजाकिस्तान में अपनी सहयोगी से वॉट्सअप चैट कर रही थी। दूसरी महिला बच्चे के स्कूल के लिए जीमेल लॉगिन कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *