रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की बेस्ट एम्प्लॉयर कंपनी बन गई है। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने दुनिया के बेस्ट एम्प्लॉयर की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड को भारत में पहला स्थान दिया गया है। इसके साथ ही दुनिया में रिलायंस ने 52वें नंबर पर जगह बनाई है। इस लिस्ट में दुनिया की 750 बड़ी कंपनियां को शामिल किया गया है। भारत की कुल 19 कंपनियों ने इस लिस्ट जगह बनाई है।
टॉप 100 कंपनियों में जगह बनाने वाली भारतीय कंपनियों में ICICI बैंक 65वें, HDFC बैंक 77वें और HCL टेक्नोलॉजी 90वें पायदान पर हैं।
कोविड-19 के समय जब हर तरफ काम धंधे ठप्प पड़े थे। नौकरियां खत्म हो रही थी ऐसे बुरे दौर में रिलायंस ने तय किया कि किसी भी कर्मचारी के वेतन में कटौती नहीं की जाए, ताकि वह नौकरी की चिंता किए बगैर काम कर सके। साथ ही उनके इलाज की जरूरतों और परिवार के वैक्सीनेशन का भी पूरा ध्यान रखा गया। रिलायंस ने यह भी तय किया कि कोरोना के कारण जिन कर्मचारियों की मौत हुई, उनके आश्रितों का भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित रहे।साउथ कोरिया की कंपनी सैमसंग ने वर्ल्ड बेस्ट एम्प्लॉयर होने का खिताब अपने नाम किया है। इसी के साथ ये लिस्ट में पहले नंबर पर है। दूसरे से 7वें स्थान पर अमेरिकी कंपनियों का कब्जा है। इसमें IBM, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एपल, अल्फाबेट और डेल टेक्नोलॉजी जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके बाद 8वें नंबर पर हुवावे है, जो पहले 10 में शामिल होने वाली अकेली चीनी कंपनी है। 9वें नंबर पर अमेरिका की अडोबी और 10वें पर जर्मनी का BMW ग्रुप काबिज है।
मार्केट रिसर्च कंपनी स्टेटिस्टा के साथ मिलकर फोर्ब्स ने दुनिया के बेस्ट एम्प्लॉयर की सालाना लिस्ट तैयार की है। रैंकिंग तय करने के लिए स्टेटिस्टा ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों और संस्थानों में काम करने वाले 58 देशों के 1,50,000 कर्मचारियों को सर्वे में शामिल किया। लिस्ट में शामिल होने के लिए कंपनियों को कई पैमानों पर से गुजरना होता है। इसमें कर्मचारियों के अनुभवों की क्वालिटी और कंपनी के बारे में उसका मूल्यांकन और समान सेक्टर की दूसरी कंपनियों के बारे में उसकी राय जानी जाती है। इसमें जो कंपनियां खरी उतरती हैं उन्हें ही ये खिताब मिलता है।