काँग्रेस के सचिन राव आज रायपुर में :मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हवाई अड्‌डे लेने पहुंचे

राहुल गांधी की टीम के महत्वपूर्ण सदस्यों में शुमार और कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रमुख सचिन राव मंगलवार को अचानक रायपुर पहुंच गए। वह नवा रायपुर में प्रस्तावित सेवाग्राम आश्रम की जमीन और योजना देखने आए हैं। वे इस संबंध में सरकार को कुछ सुझाव भी देंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ मंत्रियों मोहम्मद अकबर और रविंद्र चौबे ने हवाई अड्‌डे जाकर खुद सचिन राव की अगवानी की। वहां से सभी लोग सीधे नवा रायपुर पहुंचे। वहां तेंदुआ और नया राखी गांव के पास 76.5 एकड़ भूमि सेवा ग्राम आश्रम के लिए चिन्हित की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि इस स्थल में लगभग पांच एकड़ क्षेत्र में दो नहरें भी हैं। शेष 75 एकड़ भूमि में सेवाग्राम बसाया जाएगा। सेवाग्राम को इस ढंग से विकसित किया जाएगा कि वहां छत्तीसगढ़ की परंपरागत ग्रामीण भवन शैली की झलक दिखे। निर्माण कार्यों में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध निर्माण सामग्री का उपयोग होगा। आश्रम के अंदर की सड़कें भी ग्रामीण परिवेश के अनुरूप होंगी। सेवाग्राम तक पूरा क्षेत्र हरियाली से भरपूर रहेगा। आश्रम का पूरा वातावरण आत्मिक शांति प्रदान करेगा। अफसरों ने मानचित्र और ले-आउट के जरिए आश्रम की पूरी परिकल्पना पर एक प्रेजेंटेशन भी दिया।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सेवाग्राम की स्थापना के लिए 02 अक्टूबर 2021 से पहले ही कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया था। इस परियोजना के पीछे महाराष्ट्र के वर्धा में स्थित सेवा ग्राम है, जिसकी स्थापना वर्ष 1936 में महात्मा गांधी और उनकी सहधमिर्णी कस्तूरबा के निवास के रूप की गई थी। वर्धा का सेवाग्राम महात्मा गांधी के सपनों के अनुरूप ग्रामीण भारत के पुनर्निर्माण का केंद्र भी था।

सरकार का कहना है, नवा रायपुर में प्रस्तावित सेवाग्राम में गांधीवादी सिद्धांतों, ग्रामीण कला और शिल्प के केंद्र विकसित किए जाएंगे। यहां अतिथि विषय-विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही वहां वृद्धाश्रम तथा कमजोर तबकों के लिए स्कूल भी स्थापित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य पर्यटन के अवसरों को बढ़ा देकर, छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं को प्रोत्साहन देना है। बुजुर्गों को दूसरा-घर देकर और वैचारिक आदान-प्रदान के लिए छत्तीसगढ़ में एक विश्वस्तरीय व्यवस्था का निर्माण करके स्थानीय लोगों का सशक्तीकरण करना है। सेवाग्राम में प्रस्तावित विजिटर्स सेंटर सीखने, निर्वाह करने और गांधी के सिद्धांतों का स्मरण करने का केंद्र होगा।

नवा रायपुर से सचिन राव और मुख्यमंत्री आरंग के पारागांव पहुंचे। यहां महिला स्व-सहायता समूहों का काम देखा। उनसे बात की। वहां से लौटकर सभी लोग शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पहुंचे। यहां क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और दूसरी व्यवस्था देखी। शिक्षकों और विद्यार्थियों से चर्चा की। सचिन राव शाम को शंकर नगर में कांग्रेस का प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन देखने जाएंगे।

सचिन राव, राहुल गांधी के रणनीतिक सलाहकार रहे हैं। वह NSUI का काम भी देखते हैं। वे कांग्रेस के संगठन पत्र “संदेश’ जिसमें पार्टी के निर्णयों और रणनीतियों के बारे में जानकारी दी जाती है, के भी प्रमुख हैं। सचिन राव मिशिगन बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस और कॉर्पोरेट स्ट्रैटजी में MBA हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *