भारत Vs इंग्लैंड, वार्म अप मैच

टीम इंडिया ने पहले वार्म अप मैच में इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 188/5 का स्कोर बनाया था। टीम के लिए जॉनी बेयरस्टो (49) टॉप स्कोरर रहे, जबकि भारत के लिए मोहम्मद शमी के खाते में 3 विकेट आई। 189 रनों के टारगेट को भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर 19 ओवर में हासिल कर लिया। टीम की जीत में ईशान किशन ने शानदार बैटिंग करते हुए 70 रनों की पारी खेली। केएल राहुल के बल्ले से भी 51 रन देखने को मिले।

टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया की बढ़िया शुरुआत देखने को मिली। पहले विकेट के लिए केएल राहुल और ईशान किशन ने 50 गेंदों पर 82 रन जोड़े। शानदार लय में नजर आ रहे राहुल ने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट होकर पवेलियन लौट गए। उनकी विकेट मार्क वुड ने चटकाई। कप्तान कोहली (11) ने निराश किया और उनकी विकेट लिविंगस्टोन के खाते में आई। सूर्यकुमार यादव (8) पर आउट हुए।

इंग्लैंड के खिलाफ ईशान किशन को रोहित शर्मा के स्थान पर ओपनिंग करने का मौका मिला और उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए सिर्फ 46 गेंदों पर 70 रनों की नाबाद पारी खेली। ईशान रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर लौटे। ईशान फिलबाल बहुत ही बढ़िया फॉर्म में हैं और पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच के लिए उन्होंने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

टॉस हारकर पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने बढ़िया खेल दिखाया। पहले विकेट के लिए जेसन रॉय और कप्तान जोस बटलर ने 36 रन जोड़े। इस साझेदारी को मोहम्मद शमी ने बटलर (18) को आउट कर तोड़ा। अगले ही ओवर में उन्होंने रॉय (17) का विकेट लेकर इंग्लैंड को दूसरा झटका पहुंचाया। भारत को तीसरी कामयाबी राहुल चाहर ने डेविड मलान (18) को बोल्ड कर दिलाई। अब टीम का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 77 रन था। इंग्लैंड की पारी को संभालने का काम जॉनी बेयरस्टो और लियाम लिविंगस्टोन ने किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को शमी ने लिविंगस्टोन (30) को आउट कर तोड़ा। जॉनी बेयरस्टो (49) की विकेट जसप्रीत बुमराह ने चटकाई। इंग्लैंड ने 20 ओवर में 188/5 का स्कोर बनाया।

टॉस के समय पर कैप्टन कोहली ने कहा- IPL से पहले चीजें अलग थी लेकिन अब केएल राहुल से आगे देखना बेहद मुश्किल है। रोहित शर्मा तो ओपनर ही हैं वो सॉलिड खिलाड़ी हैं। मैं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करूंगा।

कोहली ने आगे कहा- पहले मैच (पाकिस्तान के खिलाफ) को लेकर हमारी योजना लगभग तैयार है। इसके अलावा हम इन मैचों में जितना संभव हो सके उतना अधिक खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं। हमारी कोशिश एक टीम के तौर पर कुछ ऊर्जा और लय हासिल करने की है। हम IPL में अलग-अलग टीमों में थे।हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर लगातार सवालिया निशान बने हुए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले अभ्यास मैच में भी उनको गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा गया। इससे पहले IPL फेज-2 के दौरान भी हार्दिक ने एक ओवर भी गेंदबाजी नहीं की थी। पंड्या का गेंदबाजी के लिए पूरी तरह से फिट न होना वाकई में कोहली एंड कंपनी के लिए अच्छे संकेत नहीं है।

24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले भारतीय टीम के लिए वार्म अप मैचों को काफी अहम माना जा रहा है। टीम इंडिया का दूसरा वॉर्म अप मैच दोपहर साढ़े तीन बजे खेला जाएगा। ये मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। दोनों मैच का लाइव प्रसारण स्‍टार स्‍पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। आप मैच हिंदी व इंग्लिश कमेंट्री दोनों में देख सकते हैं। वहीं, आप मैचों की ऑनलाइन लाइव स्‍ट्रीमिंग आप डिज्नी + हॉटस्टार पर देख सकते हैं।इंग्लैंड के कप्तान ओएन मोर्गन ने इस मैच से आराम लिया। IPL 14 में बतौर कप्तान मोर्गन हिट रहे थे, लेकिन बल्ले से उनका प्रदर्शन भी काफी निराशाजनक देखने को मिला था। टूर्नामेंट की 16 पारियों में उन्होंने 11.08 की साधारण सी औसत के साथ सिर्फ 133 रन बनाए थे। हैरान करने वाली बात तो ये थी कि इस दौरान मोर्गन कुल चार बार शून्य पर आउट हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *