सर्बिया के बेलग्रेड में 24 अक्टूबर को होने वाली विश्व पुरुष मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम रवाना हो गई। चैंपियनशिप में पहली बार 10 की बजाय 13 भारतवर्ग में मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। 13 सदस्यीय टीम में 10 मुक्केबाज हरियाणा के हैं। पंजाब, उत्तर प्रदेश और असम से 1-1 मुक्केबाज दल में शामिल हैं। भारतीय दल का प्रशिक्षण शिविर पटियाला में चल रहा था। नई दिल्ली एयरपोर्ट से टीम ने सर्बिया के लिए उड़ान भरी। अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (AIBA) ने घोषणा की है कि विश्व चैंपियनशिप के आधिकारिक दस्ताने अब लाल और नीले रंग की जगह सफेद रंग के होंगे।
टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले मुक्केबाज इस चैंपियनशिप में नहीं जा रहे हैं। टोक्यो ओलिंपिक में पुरुष मुक्केबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। ओलिंपिक के बाद सर्बिया में विश्व चैंपियनशिप हो रही है। भारतीय मुक्केबाज चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर ओलिंपिक की कमी को पूरा करने का प्रयास करेंगे। टोक्यो में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले मुक्केबाज अमित पंघाल, विकास कृष्णन, मनीष कौशिक, आशीष डोगरा व सतीश कुमार चैंपियनशिप में नहीं खेल रहे हैं। इन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी हिस्सा नहीं लिया था।
ये है भारतीय मुक्केबाज टीम
- 48 किग्रा – गोविंद साहनी यूपी
- 51 किग्रा – दीपक भोरिया हिसार (हरियाणा)
- 54 किग्रा – आकाश राजपूत भिवानी (हरियाणा)
- 57 किग्रा – रोहित मोर सोनीपत (हरियाणा)
- 60 किग्रा – वरिंद्र सिंह पंजाब
- 63.5 किग्रा – शिवा थापा असम
- 67 किग्रा – आकाश सांगवान करनाल (हरियाणा)
- 71 किग्रा – निशांत देव करनाल (हरियाणा)
- 75 किग्रा – सुमित कुंडू जींद (हरियाणा)
- 80 किग्रा – सचिन दहिया सोनीपत (हरियाणा)
- 86 किग्रा – लक्ष्य चाहर चरखी दादरी (हरियाणा)
- 92 किग्रा – संजीत सिंगरोह रोहतक (हरियाणा)
- 92 प्लस – नरेंद्र बेरवाल हिसार (हरियाणा)
दीपक भोरिया, आकाश राजपूत, आकाश सांगवान, सुमित कुंडू, सचिन दहिया, लक्ष्य चाहर, संजीत सिंगरोहा और नरेंद्र बेरवाल सेना की तरफ से खेलते हैं। गोविंद साहनी और वरिंद्र सिंह रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हैं। करनाल से निशांत देव कर्नाटक की ओर से खेलते हैं। रोहित मोर मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं, मगर वह दिल्ली की ओर से राज्य स्तर पर खेल चुके हैं। रोहित का परिवार सोनीपत में ही रहता है।
टोक्यो ओलिंपिक में भाला फेंक में देश को गोल्ड मेडल दिलाने वाले नीरज चोपड़ा ने पटियाला में सभी मुक्केबाजों को विश्व चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पहले शुभकामनाएं दी। नीरज ने जींद के सुमित कुंडू के साथ पटियाला एनआईएस कैंप में काफी समय बिताया और उनके साथ खाना भी खाया। सुमित कुंडू 75 किग्रा भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारत ने मंगलवार को पुरुषों की विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2021 की मेजबानी गंवा दी है। भारत से टूर्नामेंट की मेजबानी इसलिए छिनी क्योंकि राष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ ने मेजबानी फीस नहीं भरी। हालांकि, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने कहा कि यह कदम AIBA ने जल्दबाजी में उठाया है। AIBA ने 2017 में किया करार तोड़कर अब सर्बिया को मेजबानी सौंपी है।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने स्वीकार किया कि विलंब हुआ है, लेकिन कहा कि पैसा किस खाते में भेजना है, इसे लेकर मसले सुलझाने में AIBA के नाकाम रहने के कारण यह प्रक्रियागत पेचीदगी पैदा हुई। AIBA ने कहा कि भारत मेजबान शहर अनुबंध के नियमों के तहत मेजबानी की फीस नहीं भर सका, इससे AIBA ने करार तोड़ दिया। भारत को अब करार रद्द होने के कारण 500 डॉलर का जुर्माना भरना होगा। भारत में यह टूर्नामेंट पहली बार होने वाला था।