नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रवक्ता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। मलिक ने मंगलवार को NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ 26 आरोपों की चिट्ठी मीडिया के सामने रखी। मलिक ने दावा किया है कि यह चिट्ठी NCB के एक अधिकारी ने उन्हें भेजी थी। मलिक ने यह भी कहा कि वानखेड़े ने बॉलीवुड की कई एक्ट्रेस से मोटा पैसा कमाया है।
उधर, समीर की पत्नी क्रांति वानखेडे़ ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘समीर वानखेड़े इन आरोपों से बाहर आ जाएंगे, क्योंकि जीत सच की होती है। ये आरोप साबित नहीं हो पाएंगे। हमें बहुत तकलीफ होती है। दूसरे राज्यों से कोई आता है और हमें धमकाता है। हमें हमारे राज्य में सुरक्षित महसूस होना चाहिए। हमें लटकाया जाएगा, हमें जला देंगे, ऐसी धमकियां मिलती हैं। हमें जान का खतरा है।’क्रांति ने कहा, ‘हमें सुरक्षा मिली है, उसके हम शुक्रगुजार हैं। मुझे मेरे बच्चे, मेरे परिवार को धमकाया जा रहा है। कोई हमें देखता भी है तो हमें लगता है कि ऐसा क्यों हो रहा है। फेक अकाउंट्स से हमें ट्रोल किया जाता है। समीर वानखेड़े के खिलाफ लोग काम कर रहे हैं। वे डॉन और ड्रग पैडलर्स को पकड़ते हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई राजनीतिक दल इस घटना का फायदा उठा रहा है।’
मलिक ने कहा कि 6 अक्टूबर के बाद से हमने कई सवाल खड़े समीर वानखेड़े के खिलाफ खड़े किए थे। हमारी लड़ाई NCB से नहीं है। पिछले 35 वर्ष में NCB ने बहुत अच्छा काम किया, लेकिन एक व्यक्ति फर्जीवाड़ा करके नौकरी हासिल करता है, जब मैंने खुलासे किए तब कहा गया कि नवाब मलिक निजी बातें सामने ला रहा है। मलिक ने जो चिट्ठी सामने रखी, उसके मुताबिक- समीर वानखेड़े और केपीएस ने दीपिका जैसी बड़ी-बड़ी एक्ट्रेस से मोटा पैसा कमाया है। वानखेड़े मामले को बड़ा दिखाने के लिए कई बार रेड में मिली ड्रग्स को ज्यादा दिखाते हैं।
मलिक ने आगे कहा, ‘हमने कभी भी किसी के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया। BJP चाहे कितना भी कहे कि हम मुसलमान होने के नाते इस लड़ाई को लड़ रहे हैं, तो मैं कहना चाहता हूं कि मैंने 45 वर्ष के करियर में धर्म की सियासत नहीं की। जो बर्थ सर्टिफिकेट मैने पेश किया वो असली है। अगर आप उस सर्टीफिकेट को गौर से देखेंगे तो उसमें ऑल्टर करके पॉइंटर्स जोड़े गए हैं। हम डेढ़ महीने से समीर के डॉक्युमेंट्स सर्च कर रहे थे, तब जाकर इसकी कॉपी मिली।
नवाब मलिक ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा, ‘समीर ने जाहिदा से निकाह किया। पिता के सर्टिफिकेट का इस्तेमाल कर नौकरी हासिल की। कई दलित संगठन मुझसे बात कर रहे हैं। समीर के सर्टिफिकेट को लेकर स्क्रूटनी कमेटी के सामने शिकायत दर्ज करायेंगे। समीर के पिता अपना कास्ट सर्टिफिकेट सबके सामने रख रहें हैं। समीर का कास्ट सर्टिफिकेट कहां है?’