न्यूजीलैंड Vs नामीबिया:

टी-20 WC के 36वें मैच में न्यूजीलैंड ने नामीबिया को 52 रनों से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए कीवी टीम ने 163/4 रनों का स्कोर बनाया। ग्लेन फिलिप्स ने 21 गेंदों पर नाबाद 39 और नीशम ने 23 गेंदों पर नाबाद 35 रनों की पारी खेली। 164 रनों का पीछा करते हुए नामीबिया 111/7 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।

NZ की जीत ने टीम इंडिया की परेशानी बहुत बढ़ा दी है। दरअसल, नामीबिया के खिलाफ मिली जीत के साथ कीवी टीम ने सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी काफी मजबूत कर ली है। टीम ने अभी तक चार मैच खेले हैं तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड फिलहाल 6 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है। भारत को अगर टॉप-4 में क्वालिफाई करना है तो अपने बचे हुए दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे और दुआ करनी होगी कि अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को हरा दे।

टारगेट का पीछा करते हुए नामीबिया की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए माइकल वैन लिंगेन और स्टीफन बार्ड ने 44 गेंदों पर 47 रन जोड़े। इस साझेदारी को जिमी नीशम ने लिंगेन (25) को आउट कर तोड़ा। NZ को दूसरी सफलता मिचेल सैंटनर ने स्टीफन बार्ड (21) को आउट कर दिलाई। अगले ही ओवर में ईश सोढ़ी ने एरार्ड इरास्मस (3) को आउट कर NAM की कमर तोड़कर रख दी। चौथे विकेट के लिए डेविड विसे और ज्रेन ग्रीन ने 31 गेंदों पर 31 रन जोड़े। टिम साउदी ने विसे (16) का विकेट लेकर इस साझेदारी का अंत किया।

नामीबिया का 5वां विकेट ज्रेन ग्रीन (23) के रूप में गिरा। अगले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने लॉफ्टी इटन (0) को आउट कर कीवी टीम को छठी सफलता दिलाई। बोल्ट ने दो गेंदों के बाद क्रेग विलियम्स को भी शून्य पर आउट किया। NAM 20 ओवरों के खेल में 7 विकेट के नुकसान पर 111 रन ही बना सकी और मुकाबला 52 रनों से हार गई।

टॉस हारकर पहले खेलते हुए कीवी टीम की शुरुआत अच्छी रही। चार ओवरों में मार्टिन गुप्टिल और डैरिल मिचेल ने 30 रन जोड़े। इससे पहले यह जोड़ी नामीबिया के लिए घातक सिद्ध होती डेविड विसे ने गुप्टिल (18) को आउट कर NZ को पहला झटका पहुंचाया। नामीबिया को दूसरी सफलता बर्नार्ड स्कोल्ट्ज ने डैरिल मिचेल (19) को आउट कर दिलाई। तीसरे विकेट के लिए डेवॉन कॉनवे और कप्तान विलियम्सन ने 35 गेंदों पर 38 रन टीम को पटरी पर वापस लाने का काम किया। इस पार्टनरशिप को एरार्ड इरास्मस ने विलियम्सन (28) को आउट कर तोड़ा।

डेवॉन कॉनवे भी अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 17 के स्कोर पर रन आउट हो गए। 5वें विकेट के लिए जिमी नीशम और ग्लेन फिलिप्स ने 36 गेंदों पर नाबाद 76 रन जोड़े। यह पार्टनरशिप न्यूजीलैंड के लिए बहुत अहम रही। फिलिप्स ने 21 गेंदों पर नाबाद 39 और नीशम ने 23 गेंदों पर नाबाद 35 रनों की पारी खेली।

दोनों टीमें-

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), डैरिल मिचेल, मार्टिन गुप्टिल, डेवॉन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, जिमी नीशम, मिचेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, एडम मिल्ने, ट्रेंट बोल्ट।

नामीबिया : स्टीफन बार्ड, ज्रेन ग्रीन, क्रेग विलियम्स, एरार्ड इरास्मस (कप्तान), डेविड विसे, जेजे स्मिट, कार्ल बर्केनस्टॉक, यान निकोल लॉफ्टी इटन, रुबेन ट्रम्पलमैन, माइकल वैन लिंगेन, बर्नार्ड स्कोल्ट्ज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *