टी-20 WC के 38वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज ने 7 विकेट के नुकसान पर 157 रनों का स्कोर बनाया। कप्तान किरोन पोलार्ड 44 टॉप स्कोरर रहे। AUS के लिए जोश हेजलवुड ने चार विकेट चटकाए। 158 रनों के टारगेट को फिंच एंड कंपनी ने 16.2 ओवर के खेल में 2 विकेट के नुकसान पर बहुत ही आसानी के साथ हासिल कर लिया।जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद अभी भी बरकरार है। हालांकि, डिफेंडिंग चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए यह टूर्नामेंट किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टीम ने सुपर-12 में पांच मैच खेले और एक में ही जीत दर्ज कर सकी।
टारगेट का पीछा करते हुए AUS की शुरुआत खराब रही और चौथे ही ओवर में अकील हुसैन ने कप्तान एरोन फिंच (9) को आउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। हालांकि, इसके बाद डेविड वार्नर और मिचेल मार्श ने WI को कंगारू टीम पर हावी होने का मौका नहीं दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 75 गेंदों पर 124 रन जोड़े। मार्श (53) का विकेट गेल ने लिया। डेविड वार्नर ने 56 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए।ऑस्ट्रेलिया की पांच मैचों में ये चौथी जीत रही। टीम फिलहाल 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। AUS को अगर सेमीफाइनल में जगह पक्की करनी है तो इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के मुकाबले पर निर्भर रहना होगा। दरअसल, कंगारू टीम को दुआ करनी होगी कि इंग्लैंड साउथ अफ्रीका को हरा दे। अगर ऐसा हुआ तो AUS सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं, साउथ अफ्रीका को अगर सेमीफाइनल का टिकट कटाना है तो ENG को कम से कम 60 रनों से हराना होगा।
टॉस हारकर पहले खेलते हुए WI की शुरुआत धमाकेदार रही और सिर्फ 14 गेंदों पर क्रिस गेल और एविन लेविस ने 30 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को पैट कमिंस ने गेल (15) को आउट कर तोड़ा। अगले ही ओवर में जोश हेजलवुड ने वेस्टइंडीज को दोहरा झटका पहुंचाया। पहली गेंद पर उन्होंने निकोलस पूरन (4) और तीसरी गेंद पर रोस्टन चेज (0) का विकेट चटकाया। AUS को चौथी सफलता एडम जम्पा ने एविन लेविस (29) को आउट कर दिलाई। WI को 5वां झटका हेजलवुड ने शिमरोन हेटमायर (27) को आउट कर पहुंचाया।
अपनी आखिरी टी-20I पारी में ब्रावो कुछ खास नहीं कर सके और (10) रन बनाकर आउट हुए। कप्तान किरोन पोलार्ड ने 31 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली।
क्रिस गेल 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। ऐसा माना जा रहा है कि गेल का वेस्टइंडीज के लिए लिमिटेड ओवर क्रिकेट में आखिरी मैच है। हालांकि, गेल ने अभी तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है। बता दें, जब वो आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम गए तो उन्होंने हेलमेट निकालकर बैट उठाते हुए सबका अभिवादन किया। यहां तक सभी खिलाड़ियों ने उनको आकर गले भी लगाया। जब तक वो ड्रेसिंग रूम के अंदर नहीं गए तब तक कैमरामैन ने उनका साथ नहीं छोड़ा।