सब्सक्रिप्शन का नया इतिहास:लेटेंट व्यू का IPO 326 गुना भरा

IPO के सब्सक्रिप्शन का सारा रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया है। लेटेंट व्यू के इश्यू को 326 गुना रिस्पांस मिला है। इससे पहले पारस डिफेंस इसी साल सितंबर में 304 गुना भरा था।लेटेंट व्यू का IPO शुक्रवार (12 नवंबर) को बंद हुआ है। इसमें क्वालीफाइड इंटस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB) का हिस्सा 145 गुना भरा। नॉन इंस्टीट्यूशनल (NII) का हिस्सा 850 गुना भरा। जबकि रिटेल का हिस्सा 119 गुना भरा है। रिटेल के सब्सक्रिप्शन में भी इसने इतिहास रच दिया है। इससे पहले पारस डिफेंस में रिटेल निवेशकों का हिस्सा 112 गुना भरा था।

लेटेंट व्यू का इश्यू 10 नवंबर को खुला था। कंपनी के शेयर का फेस वैल्यू 1 रुपए था। 190 से 197 रुपए के भाव पर इसने IPO लाया था। कम से कम 76 शेयर्स के लिए अप्लाई करना था। कंपनी बाजार से 600 करोड़ रुपए जुटाने के लिए उतरी थी। यह कंपनी 2006 में बनी थी और एनालिटिक्स सेवाओं जैसे डाटा और एनालिटिक्स कंसल्टिंग, बिजनेस एनालिटिक्स आदि का काम करती है। भारत में यह अपने सेक्टर की लीडिंग कंपनी है। इसके पास ब्लूचिप ग्राहक हैं।

कंपनी की मौजूदगी अमेरिका, यूरोप, एशिया और अन्य देशों में है। कंपनी फॉर्च्यून 500 में से 30 कंपनियों के साथ काम करती है। इसके शेयर की लिस्टिंग 23 नवंबर को होगी।यह पहली बार है जब दो कंपनियों के इश्यू को 300 गुना से ज्यादा रिस्पांस मिला है। पारस डिफेंस ने सबसे पहले 300 गुना का आंकड़ा पार किया था। इससे पहले 5 कंपनियों को 200 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था। इसमें सालासर टेक को 2017 में 273 गुना जबकि एस्ट्रॉन पेपर को 2017 में ही 241 गुना का रिस्पांस मिला था। 2018 में अपोलो माइक्रो को 248 गुना का रिस्पांस मिला था। 2021 में एमटीएआर को 200 गुना, मिसेज बैक्टर्स को 198 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला था।

भारतीय बाजार में IPO के सारे रिकॉर्ड इस साल टूट चुके हैं। इस साल में अब तक 51 कंपनियों ने बाजार से IPO के जरिए 1.19 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। इसमें पेटीएम ने 18,300 करोड़ रुपए और जोमैटो ने 9,375 करोड़ रुपए जुटाया था। इस हफ्ते में तीन कंपनियों ने 21 हजार करोड़ रुपए जुटाए हैं। इसमें पेटीएम ने 18,300 करोड़ रुपए, सफायर फूड्स 2,073 करोड़ और लेटेंट व्यू 600 करोड़ रुपए जुटाई है।

इस साल प्रदर्शन के मामले में टॉप 5 IPO में पारस डिफेंस सबसे आगे है। इसने 3.59 गुना का फायदा दिया है। अक्टूबर में यह शेयर लिस्ट हुआ था। 175 रुपए पर इसका IPO आया था। अभी यह 775 रुपए पर है। हालांकि पिछले हफ्ते यह 1,200 रुपए तक चला गया था। न्यूरेका का IPO फरवरी में आया था। 200 रुपए के भाव पर यह आया था और अब इसका दाम 1,722 रुपए है। यानी 3.3 गुना का रिटर्न इसने दिया है।

लक्ष्मी ऑर्गेनिक का शेयर मार्च में लिस्ट हुआ था। 130 रुपए पर आया यह IPO आज 434 रुपए पर कारोबार कर रहा है। यानी 2.34 गुना का फायदा इसने दिया है। इजी ट्रिप का शेयर अभी 532 रुपए पर है। मार्च में ही यह भी IPO 187 रुपए पर आया था। यानी 1.84 गुना का रिटर्न इसने दिय दिया है। एमटीएआर का इश्यू मार्च में आया था। 575 रुपए का शेयर अभी 1,739 रुपए पर है। यानी 2 गुना से ज्यादा का रिटर्न इसने दिया है।

पारस डिफेंस में रिटेल निवेशकों का हिस्सा 112 गुना भरा था। नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर यानी NII का हिस्सा 927 गुना भरा था। जबकि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 169 गुना भरा था।IPO के इतिहास में पहले दिन सबसे ज्यादा सब्सक्रिप्शन पाने वाली कंपनी भी पारस डिफेंस ही है। पारस डिफेंस को पहले दिन 16.57 गुना का रिस्पांस मिला था। इससे पहले 2008 में रिलायंस पावर के इश्यू को 10.68 गुना का रिस्पांस मिला था। 170 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में उतरी पारस डिफेंस का इश्यू पहले ही घंटे में 7 गुना भर गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *