चीन में 51 सेमी बर्फ गिरी, 116 साल मेें पहली बार नवंबर में इतना हिमपात

चीन के उत्तर-पूर्वी इलाके में भीषण बर्फबारी हो रही है। लियाओनिंग प्रांत की राजधानी शेनयांग में तो 24 घंटे में 51 सेंटीमीटर बर्फ पड़ी, जो नवंबर में 116 साल से दर्ज किए जा रहे रिकॉर्ड मेंं सबसे ज्यादा है। इस बर्फबारी के चलते पारा गिरकर शून्य से नीचे पहुंच गया है। सर्दी बढ़ने और रास्तों पर बर्फ जमा हो जाने से ग्रामीण इलाकों में लोग घरों में कैद हो गए हैं। भीषण बर्फबारी की चपेट में आकर एक युवक की जान भी चली गई।

5600 लोग इससे प्रभावित हुए हैं। लोगों के सामने दूसरी समस्या घरों को गर्म रखने में हो रही है, क्योंकि बिजली की किल्लत है। मौसम विभाग ने कहा है कि एक्ट्रीम वेदर को देखते हुए उत्तर पूर्वी चीन में 27 क्षेत्रों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। हालात को देखते हुए अधिकांश एक्सप्रेसवे टोल स्टेशनों को मंगलवार तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान डालियान और डैनडोंग शहर में बस और ट्रेन सेवाएं भी बंद रहेंगी। स्कूल-कॉलेजों में भी छुट्‌टी कर दी गई है।राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के हवाले से रिपोर्ट्स में कहा गया है कि शनिवार और रविवार को उत्तरी चीन के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी होगी। शनिवार की सुबह से रविवार की सुबह तक, भीतरी मंगोलिया, शांक्सी, हेबेई, बीजिंग, तियानजिन, लियाओनिंग, शानक्सी और हेनान के कुछ हिस्सों में बर्फ का तूफान भी आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *