इंग्लैंड के उत्तरी शहर लिवरपूल में एक महिला अस्पताल के बाहर रविवार को कार में बम विस्फोट हो गया। पुलिस के मुताबिक, धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। इस धमाके को आतंकी साजिश का नतीजा माना जा रहा है। पुलिस ने अस्पताल की तरफ जाने वाली सभी सड़कों को ब्लॉक कर दिया है और सेना का बम स्क्वॉड भी मौके पर पहुंच गया है। साथ ही काउंटर टेरररिज्म ऑफिसर्स की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
द मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे बम धमाके का शिकार होने वाली कार एक टैक्सी थी, जिसे महज कुछ ही मिनट पहले अस्पताल के बाहर पार्किंग में लाया गया था। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मरने वाले ही कार को लेकर आए थे या किसी अन्य ने उसे वहां खड़ा किया था।
मेरिसाइड पुलिस की चीफ कॉन्स्टेबल सेरेना कैनेडी के मुताबिक घटना को अभी आतंकी हमला घोषित नहीं किया गया है, लेकिन इसकी जांच आतंकी हमले के नजरिए से की जा रही है। इसीलिए काउंटर टेरररिज्म ऑफिसर्स जांच को लीड कर रहे हैं।कार में धमाके के बाद रॉयर लॉजिस्टिक कॉर्प्स आर्मी का बॉम्ब डिस्पोजल ट्रक मौके पर पहुंच गया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने कई धमाकों की आवाज सुनी और एरिया मे गहरे धुएं का गुबार आसमान में उड़ता दिखाई दिया। हालांकि पुलिस ने अभी एक ही बम धमाके की पुष्टि की है, लेकिन न्यूज वेबसाइट लिवरपूल इको की रिपोर्ट में सामने आए वीडियो में भी कम से कम दो धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। वेबसाइट को यह वीडियो किसी प्रत्यक्षदर्शी ने उपलब्ध कराया है।
पुलिस ने वारदात की जगह को चारों तरफ से घेर लिया है, लेकिन जलती हुई कार के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत सारे प्रत्यक्षदर्शियों ने अपलोड कर दिए, जिन्हें जमकर शेयर किया जा रहा है। इन फोटो में जलती हुई कार पार्किंग में अन्य वाहनों से महज कुछ इंच की दूरी पर खड़ी दिखाई दे रही है। आसपास की ऊंची बिल्डिंग्स और अस्पताल के सामने मौजूद हिल से बहुत सारे लोगों ने वीडियो बनाए हैं। इन वीडियो में धमाके के बाद गहरा धुआं उड़ते हुए दिख रहा है और इमरजेंसी साइरन बज रहे हैं। वारदात की जगह के ऊपर भी पुलिस हेलिकॉप्टर निगरानी रख रहा था ताकि किसी भी संदिग्ध की पहचान की जा सके।लिवरपूल में ब्रिटेन के विपक्षी दल लेबर पार्टी के सांसद किम जॉनसन हैं। जॉनसन ने ट्वीट कर घटना पर चिंता जताई। उन्होंने लिखा, लिवरपूल के महिला अस्पताल के बाहर से बहुत चिंताजनक खबरें आ रही हैं, जहां बड़े पैमाने पर आपातकालीन टीम मौजूद हैं। आशा है कि अस्पताल स्टाफ, मरीज और विजिटर्स सुरक्षित होंगे। प्लीज अभी उस एरिया में न जाएं।महिला अस्पताल आ रहे बहुत सारे मरीजों ने धमाके के बाद अपना कार्यक्रम बदल लिया। अस्पताल प्रबंधन ने भी एरिया के पुलिस की गिरफ्त में होने के कारण दिन में मरीजों के बचे हुए सभी अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए। लिवरपूल का महिला अस्पताल खासतौर पर महिलाओं और उनके बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के लिए है।