भाजपा अध्यक्ष ने गोबर घोटाले का आरोप लगाया, CM बोले- उनके दिमाग में ही गोबर भरा है

छत्तीसगढ़ में अब गोबर पर विवाद खड़ा हो गया है। सरकार की गोधन न्याय योजना पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश में गोबर घोटाले का आरोप लगाया। जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कह दिया कि उनके दिमाग में ही गोबर भरा हुआ है। इस पर अब भाजपा भड़की हुई है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने इसे बदजुबानी बताते हुए मुख्यमंत्री को संयमित रहने की सलाह दी है।

मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने आरोप लगाया कि अब प्रदेश में गोबर घोटाले की शुरुआत हो रही है। आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, यदि किसी के दिमाग में गोबर भरा हुआ है तो हमने भी खोज लिया है। उससे भी बिजली जलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर भाजपा भड़क उठी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री हैं, उनको मर्यादा में रहना चाहिए। मुझे लगता है कि जिस तरह हजारों की संख्या में लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, उन्हें कांग्रेस का धरातल हिलता हुआ महसूस हो रहा है। दो दिन पहले वे दिल्ली से भी लौटे हैं। वहां उनको हाईकमान से कुछ गलत संदेश मिल गया है, इसकी वजह से उनका मानसिक संतुलन डगमगाया हुआ है। मेरा आग्रह होगा कि वे मर्यादित और संयमित रहें।लांच होने के साथ ही सरकार की गोधन न्याय योजना विपक्ष के निशाने पर है। सरकार इस योजना के जरिए 2 रुपया प्रति किलोग्राम की दर से मवेशियों का गोबर खरीदती है। इससे कम्पोस्ट और दूसरी चीजें बनाकर बेची जा रही हैं। पिछले महीने 3 गोठानों में बिजली उत्पादन यूनिट भी शुरू हुई। सरकार अब तक 100 करोड़ से अधिक का गोबर खरीद चुकी है। विपक्ष खासकर भाजपा का आरोप है कि गोबर खरीदी के बहाने घोटाला हो रहा है।

सरकार ने पिछले दिनों केंद्रीय खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग और कुमाराप्पा नेशनल पेपर इंस्टीस्च्यूूट, जयपुर के साथ MOU किया है। इसके तहत सरकार 75 गोठानो में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने का प्लांट लगाएगी। इसकी तकनीक खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग और कुमाराप्पा नेशनल पेपर इंस्टीस्च्यूूट देंगे। इस करार के साथ सरकार की गोबर खरीदी नीति एक बार फिर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *