अब वॉट्सऐप पर आप अपना तैयार किया गया स्टिकर किसी को भी भेज सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए नया टूल रिलीज कर दिया है। इस टूल का इस्तेमाल आप वेब वॉट्सऐप पर कर सकेंगे। इस टूल में इस्तेमाल किए जाने वाले फोटो को क्रॉप करने के साथ एडिट करने के भी कई सारे ऑप्शन मिलेंगे। यानी अब आप अपने बनाए गए स्टिकर से लोगों को बधाई दे सकते हैं।
वॉट्सऐप के इस नए टूल का सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि अब यूजर को किसी थर्ड पार्टी ऐप की जरूरत नहीं होगी। अब तक यूजर को इसके लिए फोटो क्रॉपिंग ऐप की जरूरत होती थी। इस टूल से यूजर के अकाउंट और फोन की सेफ्टी भी बढ़ जाएगी।
स्टिकर टूल यूज करने की प्रोसेस
- सबसे पहले web.whatsapp.com पर जाकर अपना वॉट्सऐप लॉगइन करें
- अब जिस कॉन्टैक्ट या ग्रुप में स्टिकर भेजना चाहते हैं उसे ओपन करें
- अब स्माइली वाले आइकन पर क्लिक करके स्टिकर वाले टूल पर जाएं
- जैसे ही स्टिकर टूल पर क्लिक करेंगे आपको Create का ऑप्शन मिलेगा
- Create पर क्लिक करके किसी एक फोटो को सिलेक्ट कर लें
- फोटो सिलेक्ट होने के बाद ऊपर की तरफ उसे एडिट करने के कई ऑप्शन मिल जाएंगे
- आप उस स्टिकर के ऊपर नया स्टिकर, स्माइली, टेक्स्ट, पेंट, क्रॉप जैसे कई बदलाव कर पाएंगे
- स्टिकर जब तैयार हो जाए तब सेंड पर क्लिक कर दें
- इस स्टिकर की खास बात यह है कि इसे डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होती
वॉट्सऐप एक और नए टूल पर भी काम कर रहा है। इसमें यूजर्स ऑडियो मैसेज की प्लेबैक स्पीड को बदल सकेंगे। मई में ही कंपनी ने अपने वॉयस मैसेज में कुछ इस तरह का अपडेट दिया था। जब आप किसी वॉयस नोट को फॉरवर्ड करते हैं, तो ऑडियो को तेज करना संभव नहीं है क्योंकि प्लेबैक स्पीड बटन उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसके लिए जल्द ही एक नया फीचर आने वाला है।
इसके अलावा, कंपनी ने भारतीय यूजर्स के लिए दो नए सेफ्टी फीचर्स ‘फ्लैश कॉल्स’ और ‘मैसेज लेवल रिपोर्टिंग’ भी पेश किए हैं। फ्लैश कॉल की मदद से आपका फोन नंबर ऑटोमैटिकली वैरिफाई हो जाएगा।