IND vs NZ कानपुर टेस्ट:

भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 258 रन रहा। मैच की शुरुआत भारत के टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के साथ हुई। दिन के खत्म होने तक श्रेयस अय्यर 136 गेंदों पर 75 और रवींद्र जडेजा 100 गेंदों पर 50 के स्कोर पर नाबाद हैं। बता दें कि अय्यर ने इस मुकाबले से टेस्ट डेब्यू किया है।टीम इंडिया ने अपने पहले चार विकेट 145 के स्कोर पर गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद 5वें विकेट के लिए श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा ने 208 गेंदों पर 113 रन जोड़कर टीम इंडिया की पारी को संभाल लिया। दोनों खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को विकेट का कोई मौका नहीं दिया और समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते नजर आए।

नंबर-5 पर खेलते हुए श्रेयस अय्यर ने 94 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। डेब्यू टेस्ट इंनिंग्स में 50+ का स्कोर बनाने वाले अय्यर भारत के 47वें खिलाड़ी बने। वहीं, अय्यर भारतीय सरजमीं पर टेस्ट इंनिंग्स में 50+ स्कोर बनाने वाले 25वें खिलाड़ी बने। साथ ही टेस्ट डेब्यू में न्यूजीलैंड के खिलाफ अय्यर 50+ बनाने वाले पांचवें भारतीय रहे। उनसे पहले सुरेंदर अमरनाथ (124), कृपाल सिंह (100*), देवांग गांधी (75) और बापू नादकर्णी (68*) के नाम आते हैं।रवींद्र जडेजा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 97 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। टेस्ट क्रिकेट में उनका ये 17वां और NZ के खिलाफ दूसरा अर्धशतक और भारतीय सरजमीं पर 10वां अर्धशतक रहा।

टीम इंडिया का पहला विकेट 7.5वें ओवर में मयंक अग्रवाल के रूप में गिरा। मयंक 13 रन बनाकर काइल जेमीसन की गेंद पर विकेट के पीछे टॉम ब्लंडेल को कैच दे बैठे। दूसरे विकेट के लिए शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने 133 गेंदों पर 61 रन जोड़े। लंच के ठीक बाद पहले ही ओवर में जेमीसन ने गिल (52) को क्लीन बोल्ड कर NZ को दूसरी कामयाबी दिलाई। भारत को तीसरा झटका टिम साउदी ने पुजारा (26) को आउट कर पहुंचाया। चौथे विकेट के लिए रहाणे और अय्यर ने 70 गेंदों पर 39 रन जोड़े। अभी ये जोड़ी विकेट पर नजरें जमा ही रही थी कि जेमीसन ने रहाणे (35) को बोल्ड कर दिया।50वां ओवर फेंक रहे काइल जेमीसन की पहली गेंद पर रहाणे के खिलाफ विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल ने कैच की अपील की। अंपायर ने भी रहाणे को आउट करार दिया, लेकिन रहाणे ने तुरंत बाद DRS ले लिया। रिव्यू में साफ नजर आया कि गेंद रहाणे के बल्ले पर लगी ही नहीं थी। लिहाजा भारतीय कप्तान को DRS के चलते जीवनदान मिल गया। रहाणे का रिव्यू तो सफल रहा, लेकिन अगली ही गेंद पर जेमीसन ने उन्हें बोल्ड कर दिया। अजिंक्य रहाणे 63 गेंदों पर 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

चेतेश्वर पुजारा ने अपना आखिरी टेस्ट शतक 3 जनवरी 2019 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था। इसके बाद 23 टेस्ट मैचों की 39 पारियों में उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन 91 रन रहा। इस बीच वे केवल 11 अर्धशतक बना सके और उनका औसत 28.78 रहा। आज भी पुजारा 88 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए।शुभमन गिल ने 81 गेंदों पर टेस्ट क्रिकेट में अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड दौरे से पहले गिल स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते टीम से बाहर हो गए थे, लेकिन इस टेस्ट में फिफ्टी लगाकर उनकी शानदार वापसी देखने को मिली। युवा ओपनर ने 7 पारियों के बाद 50+ का स्कोर बनाया है। गिल की पारी 52 के स्कोर पर समाप्त हुई। हालांकि उनकी बैटिंग को देखते हुए लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलने में सफल होंगे। गिल (22 साल 78 दिन) कानपुर में टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले दूसरे युवा भारतीय बने। पहले नंबर पर एमएल जयसिम्हा (21 साल 288 दिन) के नाम ये रिकॉर्ड है।तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर टिम साउदी ने शुभमन गिल के खिलाफ LBW की अपील की और अंपायर ने भी गिल को आउट करार दिया। हालांकि अंपायर के फैसले के तुरंत बाद शुभमन ने रिव्यू लिया और रिप्ले में साफ नजर आया कि गेंद बल्ले पर लगने के बाद गिल के पैड पर लगी थी और इस तरह DRS पर गिल को बड़ा जीवनदान मिला।

पारी के सातवें ओवर में केन विलियम्सन ने एजाज पटेल को अटैक पर लगा दिया और अपने पहले ही ओवर में उन्होंने शुभमन गिल को काफी परेशान किया। पहली ही गेंद गिल के बल्ले के किनारे लगते हुए एक टप्पे के साथ फर्स्ट स्लिप में पहुंची। 5वीं गेंद पर गिल LBW थे, लेकिन उनके खिलाफ न तो गेंदबाज एजाज ने अपील और न ही कीवी टीम के किसी अन्य खिलाड़ी ने। बता दें कि गिल ने आगे बढ़कर गेंद को डिफेंड किया था।

दोनों टीमें:

IND: शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, उमेश यादव

NZ: टॉम लाथम, विल यंग, केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, हेनरी निकोल्स, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, टिम साउथी, एजाज पटेल, काइल जेमीसन, विलियम सोमरविले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *