90.72% बढ़त के साथ लिस्ट हुआ गो फैशन का शेयर

90.72% बढ़त के साथ लिस्ट हुआ गो फैशन का शेयर

महिलाओं का बॉटम वियर ब्रांड बनाने वाली कंपनी गो फैशन के शेयर्स ने आज निवेशकों को मालामाल कर दिया। इसका शेयर 90.72% बढ़त के साथ 1,316 रुपए पर लिस्ट हुआ। कंपनी ने IPO का मूल्य 690 रुपए रखा था। इसका IPO 17 से 22 नवंबर तक खुला था।बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर यह शेयर हालांकि बाद में करीबन 12% गिरावट के साथ 1,217 रुपए पर कारोबार कर रहा था। इसने दिन में 1,341 रुपए का हाई बनाया और 1,210 रुपए का निचला स्तर बनाया। कंपनी का मार्केट कैप 6,500 करोड़ रुपए रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर यह शेयर 89.86% बढ़त के साथ लिस्ट हुआ था। इस IPO को निवेशकों की ओर से 135 गुना रिस्पांस मिला था।

ग्रे मार्केट में इस कंपनी का शेयर 490 रुपए प्रति शेयर प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। यानी इश्यू प्राइस की तुलना में यह 70% ज्यादा ऊपर चल रहा था। विश्लेषकों का कहना है कि इस कंपनी का बिजनेस मॉडल मजबूत है और उचित कीमत पर इसके प्रोडक्ट मिलते हैं। कंपनी ने IPO में 650 से 690 रुपए पर शेयर बेचा था। इसने 1,013 करोड़ रुपए जुटाए थे। रिटेल निवेशकों का हिस्सा 50 गुना भरा था।उधर स्टार हेल्थ का IPO आज से खुला है। पहले दो घंटे में 0.06 गुना यह इश्यू भरा है। कंपनी 7,249 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में उतरी है। इसका मूल्य दायरा 870 से 900 रुपए तय किया गया है। इसमें राकेश झुनझुनवाला और उनकी पत्नी की 17% से ज्यादा हिस्सेदारी है। उन्होंने जिस भाव पर शेयर खरीदा था, उसकी तुलना में उन्हें इश्यू में 5.78 गुना का फायदा मिल रहा है। यानी 32 महीने में ही झुनझुवाला का 100 रुपए का निवेश 578 रुपए हो गया है। उन्होंने मार्च 2019 से इसमें हिस्सेदारी खरीदनी शुरू की थी।स्टार अलाइड हेल्थ प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी है। यह हेल्थ इंश्योरेंस में काम करती है। इसकी बाजार हिस्सेदारी 15.8% है। हालांकि लिस्टेड बीमा कंपनियों की तुलना में इसका शेयर महंगा है। यह इश्यू 2 दिसंबर तक खुला रहेगा और निवेशक कम से कम 16 शेयर्स के लिए बोली लगा सकते हैं। इसने 62 एंकर निवेशकों से 900 रुपए प्रति शेयर के भाव पर 3,217 करोड़ रुपए जुटाए हैं।

कंपनी को सितंबर की छमाही में 380 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। वित्तवर्ष 2021 यानी अप्रैल 2020 से मार्च 2021 के बीच 825 करोड़ रुपए का घाटा इसे हुआ था। सितंबर 2021 तक कंपनी के पास 779 शाखाएं थीं जो 25 राज्यों में फैली हैं। इसके पास 562 सेल्स मैनेजर हैं। इस समय बाजार में कुल 6 बीमा कंपनियां लिस्टेड हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *