IND vs NZ वानखेड़े टेस्ट:

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन चार विकेट खोकर 221 रन बना लिए हैं। ओपनर मयंक अग्रवाल 120 और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा 25 रन बनाकर नाबाद हैं। न्यूजीलैंड के लिए चारों विकेट एजाज पटेल के खाते में आए।टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने अपने पहले चार विकेट सिर्फ 160 रनों के स्कोर पर गंवा दिए थे। 5वें विकेट के लिए अभी तक मयंक और साहा के बीच 134 गेंदों पर 61 रनों की साझेदरी हो चुकी हैं।

13 पारियों के बाद आया शतक
मयंक अग्रवाल ने 196 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का चौथा शतक पूरा किया। उन्होंने 13 पारियों के बाद शतकीय पारी खेली। बता दें कि खराब फॉर्म के चलते मयंक को ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद प्लेइंग-XI से ड्रॉप कर दिया गया था और कानपुर टेस्ट से उन्होंने वापसी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट में भी उनका प्रदर्शन फीका रहा था, लेकिन आज मयंक ने फॉर्म में वापसी करते हुए बढ़िया शतक जमाया।

  • मयंक ने भारत में चौथी बार 50+ का स्कोर बनाया और हर बार उसको शतक में बदलने में सफल रहे।
  • वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में मयंक का ये चौथा शतक रहा।
  • मयंक अग्रवाल ने अपनी 24वीं टेस्ट पारी में चौथा शतक पूरा किया।

कानपुर में यादगार डेब्यू करने वाले श्रेयस अय्यर पहली पारी में 18 के स्कोर पर एजाज पटेल की गेंद पर आउट होकर मैदान से बाहर लौटे। आउट होने से पहले उन्होंने ओपनर मयंक अग्रवाल के साथ चौथे विकेट के लिए 106 गेंदों पर 80 रन जोड़े।पुजारा को आउट करने के बाद एजाज पटेल ने 29वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारतीय कप्तान विराट कोहली को शून्य पर आउट कर टीम इंडिया को बड़ा झटका पहुंचाया। अंतिम गेंद पर कोहली के खिलाफ भी LBW की अपील हुई और अंपायर ने भी आउट करार दिया। भारतीय कप्तान ने रिव्यू लिया क्योंकि उनके अनुसार बल्ले का अंदरूनी किनारा लगकर गेंद पैड पर लगी थी। रिप्ले में दिखा कि बॉल बैट-पैड पर एक साथ लगी थी और कोहली 0 पर आउट हुए। हालांकि अंपायर के फैसला सुनाने के बाद वह काफी गुस्से में नजर आए। मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने जोर से बल्ला भी जमीन पर पटका।

29वां ओवर फेंक रहे एजाज पटेल की पहली गेंद पर पुजारा के खिलाफ LBW की अपील हुई जिसे अंपायर ने नकार दिया। कीवी टीम ने DRS लिया। बॉल ट्रैकिंग में दिखा कि गेंद लेग स्टंप को मिस कर रही थी, इसलिए यह नॉट आउट ही रहेगा और कीवी टीम ने रिव्यू गंवाया। मगर इसके बाद अगली ही गेंद पर एजाज ने पुजारा को बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका पहुंचाया।टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत की शुरुआत बढ़िया रही। पहले विकेट के लिए शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल ने 80 रन जोड़े। एजाज पटेल ने इस पार्टनरशिप पर ब्रेक लगाया। उन्होंने गिल (44) को पहली स्लिप में रॉस टेलर के हाथों कैच आउट कर कीवी टीम को पहली कामयाबी दिलाई।

भारत की पहली पारी में पुजारा और कोहली शून्य पर आउट हुए। भारतीय क्रिकेट इतिहास में ये सिर्फ तीसरा ऐसा मौका रहा, जब एक ही पारी में तीसरे और चौथे नंबर पर खेलने पर बल्लेबाज शून्य पर आउट हुआ हो। इससे पहले साल 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट में पॉली उमरीगर और विजय हजारे जीरो पर आउट हुए थे, जबकि 1994 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े टेस्ट में नयन मोंगिया और विनोद कांबली जीरो पर पवेलियन लौटे थे।

132 सालों में पहली बार है जब दो मैचों की टेस्ट सीरीज में चार कप्तान शामिल हुए हैं। पहली बार ये 1889 में हुआ था। दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट सीरीज के दौरान चार कप्तान बने थे। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ओवेन डुनेल और विलियम मिल्टन थे तो वहीं, इंग्लैंड के कप्तान ऑब्रे स्मिथ और मोंटी बोडेनहुई थे। उस समय इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था।

अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज में 132 सालों बार ये संयोग आया है। पहले टेस्ट मैच में भारत के लिए अजिंक्य रहाणे और न्यूजीलैंड के लिए केन विलियम्सन कप्तान थे। वहीं, दूसरे टेस्ट में दोनों खिलाड़ी चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत के कप्तान विराट कोहली और न्यूजीलैंड के कप्तान टॉथ लाथम हैं।

कानपुर टेस्ट के अंतिम दिन फील्डिंग के दौरान तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की उंगलियों में चोट लग गई है, जिसके चलते वह दूसरे मैच से बाहर हो गए हैं। वहीं, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को पहले टेस्ट के दौरान दाहिने हाथ में चोट लग गई थी। स्कैन कराने के बाद पता चला कि उनके कंधे में सूजन है। उन्हें आराम की सलाह दी गई है। जबकि उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव है। तीनों इस टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं।

कीवी कप्तान केन विलियम्सन भी कोहनी में चोट के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर टॉम लाथम टीम की कप्तानी करेंगे।पहले टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों की नजरें मुंबई में अच्छा प्रदर्शन कर सीरीज जीतने पर रहेंगी। मुंबई टेस्ट से भारतीय कप्तान विराट कोहली की भी प्लेइंग-XI में वापसी होने जा रही है। हालांकि, पहले दिन बारिश की संभावना जताई जा रही है और रिपोर्ट्स की मानी जाए तो पहले दिन का पूरा खेल बारिश के चलते खराब हो सकता है।

पिछली बार साल 2003 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दोनों मैचों में कम से कम एक मुकाबला जीतने में असफल रही थी। उस सीरीज के दोनों मैच ड्रॉ पर खत्म हुए थे।इंटरनेशनल क्रिकेट में ये भी कम ही देखने को मिलता है, जब दो विपक्षी खिलाड़ी एक मैच में खेल रहे हैं और दोनों का जन्म एक ही शहर में हुआ हो। श्रेयस अय्यर का जन्म मुंबई में हुआ है और न्यूजीलैंड के लेफ्ट आर्म स्पिनर अजाज पटेल भी मुंबई में ही जन्मे हैं।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया ने कुल 25 टेस्ट खेले हैं और 11 में जीत दर्ज की है और 7 में टीम को हार मिली है। 2016 में आखिरी बार इस मैदान पर कोई टेस्ट मैच खेला गया था, तब भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पारी और 36 रनों से हराया था। खास बात ये है कि भारतीय टीम इस मैदान पर पिछले 9 सालों से अजेय है। आखिरी बार साल 2012 में इंग्लैंड ने ही भारत को 10 विकेट से मात दी थी।

न्यूजीलैंड की बात करें तो कीवी टीम वानखेड़े में सिर्फ दो टेस्ट खेले हैं। इस दौरान टीम ने 1 मैच जीता है और 1 हारा है। NZ ने इस मैदान पर टेस्ट में साल 1988 में 136 रनों से जीत हासिल की थी।

मुंबई टेस्ट में कैप्टन कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन वह बिना खाता खोले शून्य पर आउट हो गए। विराट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में दो साल पहला शतक लगाया था और आज की पारी को मिलाकर कुल 57 पारियां और 742 दिन हो गए, जब भारतीय कप्तान के बल्ले से शतक देखने को नहीं मिला।

दोनों टीमें-

IND: मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (c), श्रेयस अय्यर, रिद्धिमान साहा (w), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।

NZ: टॉम लाथम (c), विल यंग, डेरिल मिचेल, रॉस टेलर, हेनरी निकोल्स, टॉम ब्लंडल (w), रचिन रवींद्र, काइल जैमीसन, टिम साउथी, विलियम सोमरविले, एजाज पटेल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *