हाल ही में देश के दो बड़े बैंक ICICI और HDFC ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में बदलाव किया है। ऐसे में अगर आप इन दिनों FD कराने का प्लान बना रहे हैं तो आपको देश के प्रमुख बैंकों की ब्याज दरों के बारे में पता होना जरूरी है। इससे आप सही बैंक में FD कराकर ज्यादा मुनाफा कमा सकेंगे। यहां हम आपको बता रहे हैं कि FD पर कौन सा बैंक कितना ब्याज दे रहा है।
5 साल की FD पर ले सकते हैं टैक्स छूट का फायदा
5 साल वाली FD को टैक्स सेविंग FD कहा जाता है। इसमें निवेश पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपए तक टैक्स छूट ली जा सकती है।
FD से मिलने वाले ब्याज पर भी देना होगा टैक्स
FD से होने वाली ब्याज आय अगर 40000 रुपए (सीनियर सिटीजन के मामले में 50000 रुपए) तक है तो इस पर आपको कोई टैक्स नहीं देना होता। इससे ज्यादा आय होने पर 10% TDS काटा जाता है। अगर आपकी FD से सालाना ब्याज आय 40 हजार रुपए से अधिक है लेकिन कुल सालाना आय (ब्याज आय मिलाकर) उस सीमा तक नहीं है, जहां उस पर टैक्स लगे तो बैंक TDS नहीं काटा जाता है। इसके लिए सीनियर सिटीजन को बैंक में फॉर्म 15H और अन्य लोगों को फॉर्म 15G जमा करना होता है।
फॉर्म 15G या फॉर्म 15H खुद से की गई घोषणा वाला फॉर्म हैं। इसमें आप यह बताते हैं कि आपकी आय टैक्स की सीमा से बाहर है। जो इस फॉर्म को भरता है उसे टैक्स की सीमा से बाहर रखा जाएगा।