मुकेश अंबानी की नई योजना:क्रिकेट ब्रॉडकास्टिंग के राइट्स मार्केट में उतरेंगे

एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी नई योजना बना रहे हैं। वे क्रिकेट के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के बाजार में उतर सकते हैं। अगले साल की शुरुआत में इसकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारतीय उपमहाद्वीप के लिए अलग से अपने आयोजनों के मीडिया राइट्स की नीलामी करने का फैसला किया है। ऐसी उम्मीद है कि दुनिया के सभी क्रिकेट वाले बाजारों के वैल्यू को मिला दें तो उससे ज्यादा पैसा भारतीय उपमहाद्वीप से मिलेगा। क्रिकेट के दीवाने भारतीय उपमहाद्वीप के देशों भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे विश्व स्तर पर खेल के ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे अधिक रेवेन्यू देते हैं। इसमें भारत का सबसे बड़ा हिस्सा होता है।\

ICC को यह भी उम्मीद है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी इस मार्केट में एंट्री कर सकते हैं। इससे इसकी बोली और अधिक बड़ी हो जाएगी। इसमें अभी तक स्टार, डिज्नी इंडिया और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के बीच प्राइस वॉर देखा गया है। ICC अधिकारी ने कहा कि काउंसिल ने 2024 से शुरू होने वाले अगले राइट्स के लिए भारत के राइट्स, ब्रॉडकास्ट और डिजिटल को तैयार करने का फैसला किया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड द्वारा इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) के मीडिया राइट्स के लिए नीलामी पूरी करने के बाद ICC की प्रक्रिया शुरू होगी। ICC कान्ट्रैक्ट के लिए चार साल या आठ साल के लिए बोली लगाई जा सकती है। यह एक पारदर्शी प्रक्रिया होगी। अंतिम शर्तों, मसौदों पर काम किया जा रहा है।इससे पहले ICC अपने मीडिया राइट्स के लिए नवंबर में ही प्रक्रिया शुरू करना चाहता था, पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने अपनी योजना बदल दी। BCCI ने घोषणा की कि वह इस साल के अंत तक अपनी सबसे बड़ी संपत्ति IPL के मीडिया राइट्स की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करेगा।

अधिकारी ने कहा कि हम BCCI या IPL के साथ नहीं लड़ रहे हैं। हम जानते हैं कि IPL सबसे बड़ी प्रॉपर्टी है। एक बार IPL के लिए बेंचमार्क सेट हो जाने के बाद कम से कम तीन या चार लोग ऐसे होंगे जो ICC राइट्स के लिए आक्रामक तरीके से बोली लगाएंगे। स्टार और डिज्नी, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क और रिलायंस इंडस्ट्रीज की वायकॉम 18 के बीच राइट्स के लिए अच्छी खासी प्रतिस्पर्धा होगी। विशेषज्ञों ने कहा कि अमेजन और फेसबुक भी खेल राइट्स के मैदान में उतर सकते हैं, क्योंकि वे भारत में अपने वीडियो बिजनेस को बढ़ाना चाहते हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय उपमहाद्वीप में मीडिया राइट्स का मूल्य 1.7 से 1.8 बिलियन डॉलर तक आसानी से जा सकता है। ये IPL के बाद सबसे बड़े खेल मीडिया राइट्स में से एक है। इसकी बहुत डिमांड है। भारत के राइट्स को अलग से बेचने के लिए ICC को कोई ज्यादा दिमाग खपाने की जरूरत नहीं है।

आठ साल के राइट्स में दो ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप (2027, 2031), चार पुरुष टी 20 विश्व कप (2024, 2026, 2028 और 2030), दो चैंपियंस ट्रॉफी (2025, 2029) और चार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल शामिल होंगे। ये टेस्ट 2025, 2027, 2029 और 2031 में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *