सर्व पिछड़ा वर्ग ने जाम किया नेशनल हाईवे:27% आरक्षण समेत कई मांगों को लेकर किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पिछड़ा वर्ग समाज के लोग अब सड़कों पर उतर आए हैं। अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों ने शनिवार को एक बड़ा प्रदर्शन किया है। जिसमें हजारों की भीड़ शामिल हुई । इन्होंने रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम भी कर दिया, जिसकी वजह से ये रोड 3 घंटे तक जाम रहा। इसके अलावा लोगों ने अपनी मांगों को लेकर चारामा में एक बड़ी रैली भी निकाली है।दरअसल, सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों ने शनिवार को जिले के चारामा में महासम्मेलन बुलाया था। समाज के लोगों ने यहां के दुकानदारों से अपील भी की थी वह चारामा में शनिवार को अपनी दुकानें बंद रखें। इसका असर भी देखने को मिला। शनिवार को सुबह के वक्त यहां की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। समाज ने तय किया था कि वह राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। शाम को करीब 5.30 बजे ज्ञापन सौंपने के बाद लोगों का चक्काजाम खत्म हुआ है।

समाज के लोगों ने पहले महासम्मेलन किया। इसके बाद सड़कों पर रैली निकाली। मगर कुछ लोग रैली के बाद रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर बैठ गए। यहां धीरे-धीरे कर पूरी भीड़ जमा हो गई थी। इन्होंने यहां पर करीब 2.30 बजे चक्काजाम कर दिया। समाज के लोगों का कहना है कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती हम नहीं उठेंगे। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोग वापस लौट गए हैं।

इन मांगों को लेकर विरोध

  1. छत्तीसगढ़ राज्य में पिछड़ा वर्ग के 52% आबादी के आधार पर 27% आरक्षण दिया जाए।
  2. छत्तीसगढ़ राज्य में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग स्वतंत्र मंत्रालय की स्थापना की जाए।
  3. पिछड़ा वर्ग को परंपरागत वनवासी होने के नाते पांचवी अनुसूची में शामिल किया जाए।
  4. राज्य के त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में भारत सरकार के जनसंख्या गणना के आधार पर जिन ग्राम पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के बहुलता है, ऐसे ग्राम पंचायतों में सरपंच का पद पिछड़ा वर्ग का आरक्षित किया जाए।
  5. छत्तीसगढ़ सरकार एवं भारत सरकार द्वारा प्राथमिक शिक्षा से लेकर कॉलेज की पढ़ाई हेतु संचालित सभी आश्रम छात्रावास में पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए स्वतः 27% आरक्षण और छात्रवृत्ति एक समान दिया जाए।
  6. पिछड़ा वर्ग परंपरागत वनवासियों को वन अधिकार मान्यता पत्र जो वर्तमान में लंबित है उसे तत्काल प्रदान किया जाए।

बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में जिले भर से समाज के लोग शामिल हुए हैं। समाज का दावा है कि 5 हजार से अधिक की भीड़ चक्काजाम और रैली में शामिल हुई है। सड़कों पर चारों तरफ भीड़ ही भीड़ दिखाई दी थी। रायपुर-जगदलपुर मार्ग में बंद की वजह से रायपुर की तरफ से जा रही गाड़ियों को धमतरी में रोका गया था। वहीं जगदलपुर की तरफ से आ रही गाड़ियों को कांकेर में ही रोक दिया गया था। जाम की वजह से रास्ते में वाहनों की कतारें थीं। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। लोगों के हटने के बाद अब आवागमन सामान्य हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *