कोरोना देश-दुनिया में

ओमिक्रॉन के बढ़ते मरीजों के बीच दिल्ली में कोरोना के केस भी रफ्तार पकड़ रहे हैं। शनिवार को यहां 86 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। एक दिन में मिले मरीजों की यह बीते 5 महीनों में सबसे बड़ी संख्या है। अच्छी बात यह है कि संक्रमण से एक भी मौत नहीं हुई। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 0.13% बनी हुई है। यहां ओमिक्रॉन के भी 22 केस मिल चुके हैं।

मुंबई में ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कार्पोरेशन (BMC) ने लोगों को कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने को कहा है। BMC की गाइडलाइन के मुताबिक, लोगों को भीड़ इकट्ठा करने से मना किया गया है। वहीं, गाइडलाइंस का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हॉल में शादियों के आयोजन को लेकर 50% की कैपिसिटी तक ही लोग इकट्ठा हो सकेंगे। वही खुली जगहों पर कैपिसिटी के 25% लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है।

1000 लोगों से ज्यादा की गैदरिंग पर पहले से परमिशन लेनी होगी। महाराष्ट्र पुलिस मुंबई में 31 दिसंबर तक धारा 144 लगा चुकी है। इस दौरान किसी भी सार्वजनिक सभा, रैली या प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा 5 से ज्यादा लोग एक जगह पर जमा नहीं हो सकेंगे। महाराष्ट्र में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के 8 नए मरीज मिले थे। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के कुल मामले बढ़कर 40 हो गए हैं। वहीं, देशभर में ओमिक्रॉन के मरीजों की कुल संख्या 111 है।

वर्ल्ड हेल्थ आर्गनाइजेशन (WHO) ने शनिवार को कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के फैलने की रफ्तार डेल्टा वैरिएंट से भी तेज है। डेढ़ से तीन दिनों में ओमिक्रॉन के केस डबल हो रहे हैं। नया वैरिएंट ज्यादा आबादी वाले देशों में तेजी से फैल रहा है। WHO का कहना है कि सीमित डेटा होने की वजह से ओमिक्रॉन पर कोरोना वैक्सीन के प्रभाव का पता नहीं चल पाया है।

इजराइली संसद के 4 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित 130 लोगों को क्वारैंटाइन कर दिया है। इनमें से एक संक्रमित को कोरोना वायरस का कैरियर माना जा रहा है। इजराइली मीडिया के मुताबिक नेतन्याहू संसद की जिम में जिस ट्रेनर से पर्सनल ट्रेनिंग लेते थे, वह संक्रमित पाया गया है।अमेरिका से मुंबई आने वाला एक 29 साल का शख्स ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया है, हालांकि उसमें अभी ओमिक्रॉन के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। उसे सावधानी के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बृहनमुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन ने शुक्रवार को जानकारी दी कि व्यक्ति ने अमेरिका में फाइजर की तीन वैक्सीन लगवाई थीं।

मुंबई एयरपोर्ट पर 9 नवंबर को किए गए कोविड-19 टेस्ट में वह पॉजिटिव पाया गया, जिसके बाद उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया। उसके दो हाई-रिस्क कॉन्टैक्ट कोरोना टेस्ट में निगेटिव पाए गए हैं। कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन दुनियाभर के 91 देशों में फैल चुका है। देर शाम महाराष्ट्र में 8, UP और गुजरात में 2-2 नए मरीज मिले हैं। इस तरह देश में मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 113 हो गई है।

कोरोना और उसके बाद ओमिक्रॉन से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। अब नवी मुंबई के एक स्कूल में 16 बच्चों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। BMC अधिकारियों ने मामले का पता लगने के बाद स्कूल मैनेजमेंट से संपर्क किया है। जानकारी दी गई है कि फिलहाल सभी बच्चों को आइसोलेशन में रखा गया है। उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दहशत बढ़ती जा रही है। शहर में लगातार नए मरीज मिल रहे हैं। इसके बाद भी भोपाल से पिछले महीने नए वैरिएंट की जांच के लिए भेजे गए 30 सैंपल की रिपोर्ट अभी तक स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिली है। मप्र के किसी भी सरकारी मेडिकल कॉलेज में जीनोम सीक्वेंसिंग जांच की सुविधा नहीं होने से भी यह हालत बन रहे हैं।

यदि मप्र में जीनोम सीक्वेंसिंग शुरू हो जाए तो 48 घंटे में रिजल्ट स्वास्थ्य विभाग को मिलने लगेगा। गौरतलब है कि मप्र में सबसे ज्यादा 70 एक्टिव मरीज भोपाल में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने 16 नवंबर से 30 नवंबर के बीच करीब 50 सैंपल जांच के लिए भेजे थे।नेपाल सरकार ने आदेश दिया है कि 67 देशों से नेपाल जाने वाले यात्रियों को अपने खर्च पर 7 दिन के लिए होटल में क्वारैंटाइन होना पड़ेगा। सात दिन के बाद अगर उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आती है तो उन्हें 7 और दिन के लिए होम क्वारैंटाइन होना पड़ेगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो आइसोलेशन सेंटर या अस्पताल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *