छत्तीसगढ़ में सीजन की पहली शीतलहर:सरगुजा संभाग और पेंड्रा में रात का तापमान अचानक नीचे गिरा

छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही ठंडी और सूखी हवा का असर महसूस होने लगा है। शनिवार रात प्रदेश के पश्चिम-उत्तर क्षेत्रों में मौसम की पहली शीतलहर दर्ज की गई। सरगुजा संभाग के जिलों और पेंड्रा रोड में रात का तापमान अचानक काफी नीचे गिर गया है। वहीं कोरिया में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह इस मौसम का सबसे कम तापमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार रात को कोरिया कृषि विज्ञान केंद्र में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं पेंड्रा रोड में यह 6 डिग्री सेल्सियस रहा। पेंड्रा का न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के तापमान से 6.6 डिग्री और वहां के सामान्य तापमान से 5 डिग्री कम है।

अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह एक दिन पहले के तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, किसी भी स्थान में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच जाए और एक दिन पहले के न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरावट हो तो शीतलहर की स्थिति बनती है। अम्बिकापुर, कोरिया, पेण्ड्रा रोड की स्थिति में शीतलहर शुरू हो चुकी है।

मध्य प्रदेश के अमरकंटक में भी रात अचानक से ठंडी हो गई है। शनिवार-रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। अमरकंटक से लगे छत्तीसगढ़ के कई गांवों में ओस की बूंदें जम गई हैं। रात को लोगों ने रोज की तुलना में अधिक सर्दी महसूस की है।राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। शनिवार-रविवार की रात यहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। माना हवाई अड्‌डे पर 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान आंका गया। यह सामान्य है। लाभांडी में भी न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्रों और कृषि विभाग की ऑब्जर्वेटरी से मिले आंकड़ों के मुताबिक सरगुजा संभाग और पेंड्रा-अमरकंटक इलाकों के अलावा दंतेवाड़ा सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। नारायणपुर में 10.4 और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। दुर्ग में यह गिरावट सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। बिलासपुर और जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया- अगले दो दिनों तक उत्तरी हवाओं का आना जारी रहेगा। इसकी वजह से हवा में ठंड और शुष्कता बढ़ेगी। ऐसे में ठंड और शीतलहर की यह स्थिति बनी रहेगी। कुछ पॉकेट्स (हिस्सों) में घने कोहरे की संभावना बन रही है। इसका असर यातायात पर भी पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *