गोल्डन टैंपल में बेअदबी के आरोपी की लिंचिंग में मौत के तीन दिन बाद भी पुलिस उसके बारे में जानकारी हासिल नहीं कर पाई है। आरोपी की शिनाख्त करने के लिए कोई अभी तक सामने नहीं आया है।
अब समय गुजरने के साथ-साथ आरोपी की शिनाख्त होने की उम्मीद कम होती जा रही है। मंगलवार शाम 8 बजे आरोपी की मौत को 72 घंटे पूरे हो जाएंगे। पुलिस आज ही पोस्टमार्टम कराना चाहती थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने शाम 4 बजे के बाद पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया। अब बुधवार सुबह मृतक आरोपी का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पोस्टमार्टम के दौरान एक बार फिर प्रयास करते हुए बायोमीट्रिक रिकॉर्ड लेकर आधार कार्ड डेटाबेस के साथ मिलाया जाएगा। वहीं पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए लोगों से सहयोग करने की अपील की है। 17 दिसंबर की फुटेज में मृतक दरबार साहिब के करीब बाजारों में घूमते हुए नजर आया है। अब पुलिस ने 16 दिसंबर के रिकार्ड काे खंगालना शुरु कर दिया है।
डीसीपी बंडाल ने बताया कि शव के पहले फिंगर प्रिंट लिए गए थे और उन्हें आधार कार्ड डेटाबेस से मिलाया भी गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पोस्टमॉर्टम के समय उसका बायोमीट्रिक रिकॉर्ड दोबारा लिया जाएगा और उसे दोबारा डेटाबेस से मिलाने के लिए भेजा जाएगा।
डीसीपी बंडाल ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए तस्वीरें पूरे भारत में सभी राज्यों को भेज दी गई हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस को इसका रिकॉर्ड भी भेजा गया है। अगर कोई मिसिंग व्यक्ति की शिकायत संबंधित आरोपी से मेल खाती होगी तो वे पंजाब पुलिस से संपर्क करेंगे।
पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने युवक की पहचान करने के लिए तस्वीर जारी की है। डॉ. गिल कहना है कि पंजाब पुलिस ने SIT का गठन किया है, लेकिन युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अब लोगों के सहयोग की जरूरत है। जिस भी व्यक्ति को आरोपी की कोई जानकारी है, वह पुलिस के नंबरों 9781130101, 9915701100, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह बंडाल के नंबर 9552400001 और एडीसीपी-1 हरपाल सिंह के नंबर 9876019099 पर जानकारी दे। विश्वास दिलाया गया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
स्वर्ण मंदिर में गेट पर लगे CCTV की जांच से स्पष्ट हुआ है कि बेअदबी करने का आरोपी घटना से एक दिन पहले भी स्वर्ण मंदिर के बाहर घूमता दिखाई दिया। अब पुलिस ने बाजारों में लगे कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पंजाब सरकार द्वारा मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के अध्यक्ष व डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह बंडाल ने जानकारी दी कि बाजारों के CCTV खंगाले गए हैं, जिनमें युवक 18 दिसंबर को तो पूरा दिन दरबार साहिब के अंदर रहा, लेकिन 17 दिसंबर को पूरा दिन वह दरबार साहिब के आसपास घूमता दिखाई दिया है। इसके बाद पुलिस ने अब 16 दिसंबर के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि कोई क्लू सामने आ सके।
स्वर्ण मंदिर के पास गलियां बहुत अधिक होने के कारण CCTV को खंगालने में दिक्कत हो रही है। एक कैमरे की जांच के लिए 5 से 6 घंटे का समय लग रहा है। घटना के दिन तो युवक सुबह ही स्वर्ण मंदिर पहुंच गया था, लेकिन शुक्रवार को वह स्वर्ण मंदिर के बाहर ही घूमता रहा। अब पुलिस ने शहर के एंट्री पॉइंट्स बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास का एरिया खंगालना शुरु कर दिया है। वहां लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं और होटलों में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिली है। समय के गुजरने के साथ आरोपी की पहचान की उम्मीद भी कम होती जा रही है।