देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में एक बार फिर बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन चिंता को और बढ़ा रहा है। गुरुवार को 6 राज्यों में ओमिक्रॉन के 94 नए केस सामने आए, जिनमें अकेले तमिलनाडु में 33 और महाराष्ट्र में 23 मरीज मिले।
इनके अलावा तेलंगाना में 14, कर्नाटक में 12, गुजरात में 7 और केरल में 5 मामले सामने आए हैं। अब देशभर में नए वैरिएंट से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 355 हो गई है।
ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 88 मामले महाराष्ट्र में सामने आ चुके हैं, जबकि 64 मामलों के साथ दिल्ली दूसरे और 38 केस के साथ तेलंगाना तीसरे नंबर पर है।तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम ने बताया कि नए ओमिक्रॉन मरीजों में से 26 चेन्नई, 1 सलेम, 4 मदुरै और 2 तिरुवनमलाई में मिले हैं। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। कुछ लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग के नतीजे आने बाकी हैं। रिजल्ट आने के बाद संख्या बढ़ भी सकती है।
कोरोना से सबसे ज्यादा चिंताजनक हालात महाराष्ट्र में नजर आ रहे हैं। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में 35 दिन बाद 24 घंटे में 1000 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र में 1,201 केस आए। इससे पहले राज्य में 17 नवंबर को 1003 मामले आए थे। वहीं, मुंबई में 68 दिन बाद कोरोना के 480 नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में इस वक्त 7,093 एक्टिव केस हैं।
पश्चिम बंगाल के एक स्कूल में गुरुवार को 29 बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्कूल के बाकी छात्रों और टीचर्स की भी कोरोना जांच कराई जा रही है। संक्रमितों की संख्या बढ़ भी सकती है। कोरोना ब्लास्ट नदिया जिले के कल्याणी इलाके में नवोदय केंद्रीय विद्यालय में हुआ है। संक्रमित बच्चों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। डॉक्टर्स की टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूल में कोरोना ब्लास्ट का मामला सामने आया है। बिलासपुर के राजकीय स्कूल में 23 छात्र कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सभी को 14 दिनों के होम आइसोलेशन पर भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां कुछ दिनों पहले कैंप लगाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट किए थे।