जी-सोनी मर्जर के हर सवाल का जवाब:75 चैनल, 2 OTT से मिलकर बनेगा देश का सबसे बड़ा नेटवर्क

जी और सोनी को देश का कौन-सा घर नहीं जानता। 26 साल से दोनों अलग-अलग थे। अब एक हो रहे हैं। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड, यानी ZEEL और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया, यानी SPN के मर्जर को बोर्ड की मंजूरी मिल गई।

इस मर्जर के बाद 26.7% व्यूअरशिप के साथ जी+सोनी देश का सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट नेटवर्क होगा। हिंदी सिनेमा में भी इसकी 63% हिस्सेदारी होगी। अभी देश में नंबर-1 पर स्टार-डिज्नी नेटवर्क है। इसके पास 18.6% व्यूअरशिप है। जी और सोनी के मर्जर में 8 से 10 महीने का वक्त लग सकता है।

इस नई कंपनी के पास 75 टीवी चैनल, 2 वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विसेज, 2 स्टूडियो और एक डिजिटल कंटेंट स्टूडियो होगा। चर्चा तो ये भी है कि जी और सोनी मिलकर IPL के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स लेने पर भी दांव लगा सकते हैं।

सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया लंबे समय से इंडियन टेलीविजन इंडस्ट्री में हैं। कंपनी ने भारत में 1995 में अपना पहला टीवी चैनल सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन लॉन्च किया था। कंपनी अपने बिजनेस को बहुत ज्यादा एक्सपेंड नहीं कर पा रही थी। वहीं ZEEL ने अपना पहला चैनल जी टीवी 2 अक्टूबर 1992 में लॉन्च किया था। ZEEL पर लंबे समय से एस्सेल ग्रुप का कंट्रोल था, लेकिन एस्सेल पर अपने खुद के 2.4 अरब डॉलर (17,000 करोड़ रुपए) के कर्ज का बोझ था। दोनों कंपनियों को अब इस मर्जर के बाद बड़ा और डायवर्स ऑडियंस बेस मिलेगा।

नई कंपनी के पास 26.7% व्यूअरशिप शेयर होगा। हिंदी सिनेमा में भी 63% हिस्सेदारी हो जाएगी। अभी स्टार-डिज्नी के पास सबसे ज्यादा 18.6% व्यूअरशिप शेयर है। सोनी नेटवर्क को 2.6 लाख घंटे का जी का टेलीविजन कंटेंट मिलेगा। साथ ही अलग-अलग भाषाओं की 4800 से ज्यादा फिल्मों की लाइब्रेरी तक भी पहुंच बन जाएगी। जी अभी स्पोर्ट्स जॉनर में नहीं है, लेकिन अब उसकी सोनी के 10 स्पोर्ट्स चैनलों तक पहुंच हो जाएगी। इनमें सोनी सिक्स, सोनी टेन 1, सोनी टेन 2 और सोनी 3 और रीजनल चैनल टेन 4 शामिल हैं। मर्जर से इनकी बाजार हिस्सेदारी बढ़ेगी और रेवेन्यू भी। डिजिटल इकोसिस्टम में भी पैठ मजबूत होगी। दोनों मिलकर नेटफ्लिक्स और अमेजन को टक्कर दे पाएंगे।

जी के पास 49 और सोनी के पास 26 टीवी चैनल हैं। नई कंपनी के पास कुल 75 चैनल हो जाएंगे। दो वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विसेज (ZEE5 और Sony LIV), दो स्टूडियो (Zee Studios और Sony Pictures Films India) और एक डिजिटल कंटेंट स्टूडियो (Studio NXT) भी होगा। जी 190+ देशों में मौजूद है और दुनियाभर में 1.3 अरब लोगों तक इसकी पहुंच है। अकेले भारत में यह हर हफ्ते 60 करोड़ लोगों तक पहुंचता है। वहीं, सोनी की रीच 167 देशों में 70 करोड़ लोगों तक है।

अनुमान के मुताबिक जी5 और सोनी के कम्बाइंड मंथली एक्टिव यूजर्स (MAU) करीब 14 करोड़ हो जाएंगे। सब्सक्रिप्शन वीडियो ऑन डिमांड (SVOD) में जी का मार्केट शेयर 13.2% है और सोनी का मार्केट शेयर 5.8%। दोनों मिलकर 19% मार्केट शेयर के साथ SVOD मार्केट में तीसरे नंबर पर पहुंच सकते हैं। डिज्नी हॉटस्टार 26.3% हिस्सेदारी के साथ पहले और नेटफ्लिक्स 25.3% के साथ दूसरे स्थान पर है। रेवेन्यू के हिसाब जी-सोनी देश का दूसरा सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट नेटवर्क बन जाएगा। पहले नंबर पर डिज्नी स्टार है।

इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण अधिकार फिलहाल स्टार इंडिया (इसे बाद में डिज्नी ने खरीद लिया) के पास हैं। 16,348 करोड़ रुपए में स्टार इंडिया ने इसे 2018-2022 के लिए हासिल किया था। इससे पहले 2008-2017 तक IPL के प्रसारण अधिकार सोनी के पास थे। 8200 करोड़ रुपए में सोनी को ये अधिकार मिले थे। 2015-2017 के लिए हॉटस्टार को 303 करोड़ रुपए में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच प्रसारित करने के अधिकार दिए गए थे। अब 2023-27 की अवधि के लिए बोली कुछ ही हफ्तों में लगने वाली है। इस बार प्रसारण अधिकारों के लिए दोगुनी से ज्यादा राशि खर्च करनी पड़ सकती है।

सोनी और जी भी इसमें बोली लगा सकते है, क्योंकि जी एंटरटेनमेंट के CEO पुनीत गोयनका पहले ही कह चुके हैं कि मर्जर के बाद बनने वाली नई कंपनी ग्रोथ स्टैटेजी के तहत स्पोर्ट कंटेंट पर फोकस करेगी। जब सोनी के पास IPL प्रसारण अधिकार थे तब 10 सेकेंड के एडवरटाइजमेंट का रेट 5.75 लाख रुपए था। 2018 में स्टार के पास प्रसारण अधिकार आने के बाद उन्होंने रेट बढ़ाकर 15-17 लाख रुपए कर दिया। इस बार एडवरटाइजमेंट रेट और भी ज्यादा बढ़ाए जाने की पूरी-पूरी संभावना है। ऐसे में IPL के ब्रॉडकास्टिंग राइट को हासिल करने की जी-सोनी के अलावा स्टार की भी पूरी-पूरी कोशिश होगी। डिजिटल राइट्स के लिए मुकाबला फेसबुक, अमेजन और रिलायंस जैसे दिग्गजों से होगा।

दोनों ब्रॉडकास्टर अपने लीनियर नेटवर्क, डिजिटल एसेट्स, प्रोडक्शन ऑपरेशंस और प्रोग्राम लाइब्रेरी को मिलाएंगे, जिसके बाद नई कंपनी बनेगी। मर्जर प्रोसेस पूरी होने के बाद नई कंपनी तय करेगी कि किस ब्रांड को रखना है और किसको नहीं। नए ब्रांड का नाम क्या होगा मर्जर प्रोसेस पूरी होने के बाद ही तय किया जाएगा। जब तक ये प्रोसेस पूरी नहीं हो जाती तब तक OTT प्लेटफॉर्म सोनी लिव और जी 5 दोनों स्वतंत्र रूप से काम करते रहेंगे।भारत एंटरटेनमेंट सर्विसेज का बहुत बड़ा बाजार है। ऐसे में नेटफ्लिक्स, अमेजन, डिजनी हॉटस्टार जैसी अमेरिकी स्ट्रीमिंग कंपनियां भारतीय बाजार की ओर अट्रैक्ट हुई हैं। सोनी और जी भी OTT पर हैं, लेकिन डिजनी हॉटस्टार जितना यूजर बेस नहीं है और नेटफ्लिक्स, अमेजन जैसा कंटेंट नहीं है। मर्जर के बाद ये दोनों कंपनियां अपने कंटेंट को बेहतर करने के साथ-साथ यूजर बेस बढ़ाने के लिए सस्ते प्लान लॉन्च कर सकती हैं। इसका सीधा फायदा दर्शकों को मिलेगा। वहीं जी के दर्शकों की पहुंच सोनी के कंटेंट तक और सोनी के दर्शकों की पहुंच जी के कंटेंट तक हो जाएगी।

प्राइमा-फेसी शेयरहोल्डर्स के लिए यहां फेयर डील लगती है। मर्जर से मार्केट में नई कंपनी की पोजीशन अच्छी होगी, जिससे रेवेन्यू बढ़ने की पूरी-पूरी संभावना है। नई कंपनी को सीनियर मैनेजमेंट के साथ मजबूत बोर्ड भी मिलेगा। कंपनी अच्छा परफॉर्म करेगी तो इसका सीधा फायदा शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। कई सारे ब्रोकरेज ने ZEEL के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने ZEEL का टारगेट 400-415 रुपए का दिया है। फिलहाल इसका भाव 340 रुपए के आस-पास है। डील के बाद से शेयर के प्राइस में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है।

ये मर्जर शेयरों के ट्रांसफर के जरिए होगा। नई कंपनी राइट्स इश्यू लाएगी। शेयरधारकों को ZEEL के 100 शेयरों के बदले नई कंपनी के 85 शेयर मिलेंगे। नई कंपनी में प्रमोटर ग्रुप एस्सेल के पास 6.92 करोड़ शेयर या 3.99% हिस्सेदारी होगी। सोनी के पास 88.31 करोड़ शेयर या 50.86% हिस्सेदारी होगी। पब्लिक शेयरहोल्डिंग 78.39 करोड़ शेयर या 45.15% होगी। टोटल शेयरहोल्डिंग 173.63 करोड़ शेयर होगी। प्रमोटर और सोनी के निवेश के बाद नई कंपनी की वैल्यू करीब 52,000 करोड़ रुपए होगी।मर्जर को बोर्ड की मंजूरी के बाद ZEEL का शेयर एक रेंज में कारोबार कर रहा है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में शेयर 2.58% बढ़कर 358 रुपए तक पहुंच गया था। हालांकि, कुछ ही देर में ये 4.66% की गिरावट के साथ 332.75 रुपए के इंट्रा डे लो पर आ गया। कारोबार के अंत में शेयर 0.03% की गिरावट के साथ 348.90 रुपए पर बंद हुआ। वहीं गुरुवार को इसमें 2.82% की गिरावट देखी गई और यह 338.90 के लेवल पर बंद हुआ। बीते 6 महीनों की बात करें तो शेयर ने 57.81% का मुनाफा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *