महाराष्ट्र में रविवार को ओमिक्रॉन के 31 नए केस मिले है। इसके साथ ही यहां नए वैरिएंट से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 141 हो गई है। इसके अलावा केरल में 19 और मध्यप्रदेश के इंदौर में 8 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। हिमाचल प्रदेश में भी पहला ओमिक्रॉन संक्रमित मिला है। इस तरह देश में ऐसे मरीजों का आंकड़ा 500 के पार हो गया है।
उधर, दिल्ली में रविवार को कोरोना के 290 केस रिपोर्ट किए गए हैं। अब यहां एक्टिव केस की संख्या 1,103 हो गई है। राज्य सरकार के ऑफिशियल कोरोना बुलेटिन के मुताबिक, कोरोना के पॉजिटिविटी रेट में भी 0.5% की गंभीर बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार ने नेशनल कैपिटल में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। राज्य में नाइट कर्फ्यू का नियम सोमवार रात से लागू होगा। रोजाना रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।
मुंबई में भी कोरोना के 922 नए मामले दर्ज किए गए। ये 7 महीनों में यह एक दिन में मिले मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या है। साथ ही शनिवार को मिले केस के मुकाबले 21% ज्यादा हैं। 4 जून को मुंबई में एक दिन में 973 मामले सामने आए थे। अब यहां 4,295 एक्टिव केस हैं। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 2.64% हो गया है। इसके बावजूद मुंबई के बीच पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है। महाराष्ट्र में 1,648 नए केस मिले हैं।
देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या भले ही बढ़ रही है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। इस वैरिएंट के संक्रमित आसानी से ठीक हो रहे हैं। उन्हें अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट, वेंटिलेटर, स्टेरॉयड्स या रेमडेसिविर इंजेक्शन की जरूरत नहीं पड़ रही है।
ये दावा दिल्ली के सरकारी अस्पताल लोक नायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) हॉस्पिटल के MD और सीनियर डॉ. सुरेश कुमार ने किया है। दिल्ली में मिलने वाले ओमिक्रॉन के मरीजों का इलाज इसी हॉस्पिटल में किया जा रहा है। डॉ. सुरेश कुमार ने कहा, अब तक हमारे हॉस्पिटल में ओमिक्रॉन के 51 मरीजों का इलाज हो चुका है, जिनमें से 40 ठीक होकर वापस घर जा चुके हैं। हमारे पास आ रहे ज्यादातर मरीज या तो लक्षणरहित हैं या उनमें बेहद हल्का संक्रमण दिखाई दिया है। सभी मरीज ठीक हो रहे हैं और एक भी मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट, स्टेरॉयड्स, रेमडेसिविर या वेंटिलेटर की जरूरत नहीं पड़ी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 27 दिसंबर को होने वाले दौरे से पहले ओमिक्रॉन वैरिएंट का एक केस मिला है। राज्य के मंडी में आठ लोगों का एक परिवार पिछले दिनों कनाडा से आया था। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इनमें से एक लड़की के सैंपल में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है।
मंडी में ही प्रधानमंत्री की रैली होनी है। इसके लिए कई दिन से तैयारियां चल रही हैं। ओमिक्रॉन का केस मिलने के बाद PMO ने प्रदेश सरकार से रिपोर्ट मांगी है। PMO से हरी झंडी मिलने के बाद ही प्रधानमंत्री का दौरा होगा।
AIIMS के सीनियर एपिडेमियोलॉजिस्ट ने बच्चों के वैक्सीनेशन के सरकार के फैसले को अनसाइंटिफिक बताया है। डॉ. संजय के. राय ने कहा कि फैसला लागू करने से पहले सरकार को उन देशों के डेटा को एनालाइज कर लेना चाहिए था, जहां पहले से ही बच्चों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इस फैसले से बच्चों को कोई फायदा नहीं होगा।
डॉ. राय AIIMS में कोवैक्सिन के बच्चों और वयस्कों पर ट्रायल के प्रिसिंपिल इंवेस्टीगेटर हैं। वे इंडियन पब्लिक हेल्थ एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
फ्रांस में शनिवार को कोरोना के रिकॉर्ड 1.04 लाख नए मामले दर्ज किए गए। 84 लोगों की मौत भी हो गई। यहां 3 दिन से लगातार रिकॉर्ड केस मिल रहे हैं। एक दिन पहले शुक्रवार को 94,124 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है। यूरोप में ब्रिटेन के बाद फ्रांस में ओमिक्रॉन के मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी वजह से फिलहाल 16 हजार लोग हॉस्पिटल में एडमिट हैं।
ब्रिटेन में पिछले हफ्ते से कोरोना के एवरेज 1 लाख केस मिल रहे हैं। अमेरिका में कुल मामलों में 45% का उछाल आया है। यहां मरीजों का आंकड़ा 1.79 लाख रोज पर पहुंच गया है
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर बेंगलुरु में कैबिनेट मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। रविवार को हुई इस बैठक में कई फैसले लिए गए। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने बताया कि राज्य में 28 दिसंबर से 10 दिनों तक के लिए नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा। यह रात 10 से सुबह 5 बजे तक रहेगा।
राज्य में धारा 144 भी लगा दी गई है। वहीं होटल, पब और रेस्टोरेंट जैसी जगहों पर क्षमता के 50% लोगों को ही मौजूद रहने की अनुमति दी गई है।
मध्य प्रदेश में 24 घंटे में प्रदेश में 41 केस आए हैं। प्रदेश में इंदौर और भोपाल कोरोना के हॉटस्पॉट बनते जा रहे हैं। इन दोनों शहरों में डबल डिजिट में कोरोना मरीज आए हैं। इंदौर में 19 पॉजिटिव के साथ सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। इसके बाद भोपाल में 11 मरीज मिले हैं। इसमें एक 6 साल का बच्चा भी शामिल हैं।
प्रदेश में अभी 252 एक्टिव केस हैं। इसमें से अकेले इंदौर में ही आधे केस हैं। प्रदेश में 25 दिनों में 511 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंदौर 206 और भोपाल में 187 शामिल हैं। भोपाल में अभी 71 एक्टिव केस है।
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के हेल्थ मिनिस्टर राजेश टोपे ने लॉकडाउन की आशंका जाहिर की है। टोपे ने कहा कि राज्य में 500 मीट्रिक टन से ज्यादा आक्सीजन की जरूरत होने की स्थिति में सरकार लॉकडाउन लगा सकती है। अगले दो हफ्ते राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश में सबसे ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमित फिलहाल महाराष्ट्र में हैं। यहां अब तक ओमिक्रॉन के 110 केस मिल चुके हैं।
महाराष्ट्र सरकार पहले ही राज्य में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक धारा 144 लगा चुकी है। इसके तहत किसी भी पब्लिक प्लेस पर 5 से ज्यादा लोगों के जमा होने पर पाबंदी लगा दी गई है। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
इजराइल में शनिवार को ओमिक्रॉन वैरिएंट के 591 नए मामले दर्ज किए गए। अब इजराइल में कुल ओमिक्रॉन केस की संख्या 527 से बढ़ाकर 1,118 हो गई है। कुल संक्रमितों में से 723 विदेश से लौटे हैं। 861 कोरोना संक्रमितों के टेस्ट सैंपल्स जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। जिसकी रिपोर्ट अभी बाकी है। 1,775 नए केस मिलने के बाद यहां कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.36 लाख हो गई है।
देश में 3 जनवरी से 15 से 18 साल तक की उम्र वाले करीब 8 करोड़ बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। PM मोदी के इस फैसले का देश के हेल्थ एक्सपर्ट्स ने स्वागत किया है। रेडिक्स हेल्थकेयर के डॉयरेक्टर डॉ. रवि मलिक ने कहा कि PM ने सही समय पर बच्चों की वैक्सीन और बूस्टर डोज का ऐलान किया है।
यह एक ऐतिहासिक फैसला है। बच्चों को वैक्सीन लगना जरूरी है क्योंकि उनके पैरेंट्स काफी असुरक्षित महसूस कर रहे थे। डॉ. मलिक ने कहा कि हेल्थ केयर वर्कर को भी अब वैक्सीन लगनी जरूरी है जिससे उनके शरीर में फिर से एंटीबॉडी बन सके।