दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से डराने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 331 नए मरीज सामने आए हैं। पॉजिटिविटी रेट भी अब 0.55% से बढ़कर 0.68% हो गया है। यह पिछले 6 महीने यानी जून के बाद सबसे ज्यादा है।
रविवार को यहां 290 नए केस दर्ज किए गए थे। बढ़ते मामलों को दिल्ली में तीसरी लहर की आहट माना जा रहा है। दिल्ली में कोरोना के नए वैरिएंट के 142 केस हैं, जो महाराष्ट्र के बाद देश में सबसे ज्यादा है।
इधर, केरल सरकार ने राज्य में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। कर्नाटक सरकार ने भी 28 दिसंबर से 7 जनवरी तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन लगातार खतरनाक स्थिति की ओर बढ़ता दिख रहा है। महाराष्ट्र में सोमवार को एक बार फिर एक ही दिन में 26 नए संक्रमित मिले हैं। गुजरात में भी 24 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही गुजरात में भी 12 मरीजों की रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिली है। महाराष्ट्र में ओमिकॉन मामलों की कुल संख्या बढ़कर 167 हो गई है। यह देश में सबसे ज्यादा है। इसके बाद दिल्ली 142 मरीजों के साथ दूसरे स्थान पर है। चुनावी राज्य गोवा में भी सोमवार को पहले मरीज की पहचान हुई है। इसके साथ ही तेलंगाना में भी 12 नए संक्रमित मिले हैं। देश में अब कुल मामलों की संख्या 600 के पार पहुंच गई है।
सरकार ने सोमवार को कहा कि तीसरी प्रिकॉशनरी डोज के लिए वही लोग अप्लाई कर सकेंगे, जिन्हें कोरोना की दूसरी डोज लगे हुए 9 महीने बीत चुके हैं। केंद्र ने अगले साल 10 जनवरी से हेल्थकेयर वर्कर्स और 60 साल से ऊपर के उन लोगों को तीसरी डोज लगाने का फैसला किया है, जो पहले से ही बीमारियों से जूझ रहे हैं। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के CEO डॉ. आर एस शर्मा ने यह जानकारी दी।
गोवा में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का पहला केस मिला है। ब्रिटेन से लौटा 8 साल का लड़का ओमिक्रॉन से संक्रमित मिला है। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि यह लड़का 17 दिसंबर को ब्रिटेन से गोवा के लिए रवाना हुआ था। इधर, हरियाणा में भी सोमवार को दो नए केसेस की पहचान हुई है। राज्य में नए वैरिएंट का आंकड़ा बढ़कर 6 हो गया है।
राजस्थान में ओमिक्रॉन के तीन नए केस मिले हैं। दो मामले जयपुर और एक केस उदयपुर में रिपोर्ट हुआ। राज्य में अब ओमिक्रॉन पीड़ितों की संख्या 46 हो गई है, जिनमें से 37 लोग रिकवर हो चुके हैं। इस तारी देशभर में ओमिक्रॉन के कुल मामले बढ़कर 599 हो गए हैं।
देश में कोरोना से जुड़ी पाबंदियों को 31 जनवरी, 2022 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि इन गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जाए, यह राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सुनिश्चित करेंगे। इसमें लोकल और जिला प्रशासन से जरूरत पड़ने पर कंटेनमेंट से जुड़े कदम भी उठाने को कहा गया है।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का खतरा दिन ब दिन बढ़ते जा रहा है। पिछले 24 घंटे में देशभर में संक्रमण के 6,531 केस सामने आए हैं। 315 लोगों की मौत हुई है। 7,091 ठीक हुए। देश में अब कोरोना के 75,841 एक्टिव केस हैं। वहीं, नए वैरिएंट के मामले बढ़कर 578 पहुंच गए हैं। अब तक ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 142 केस दिल्ली में मिले हैं। 141 मामलों के साथ मुंबई दूसरे नंबर पर है।
बिहार के शेखपुरा में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7 हो गई है। रविवार को जिले में 5 स्कूली बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। साथ ही इनमें से एक की मां की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार तक जिले में कोरोना का सिर्फ एक पॉटिजिव केस था, लेकिन एक साथ 6 नए केस सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। दरअसल, कैथवां गांव निवासी अभिषेक की काेराेना रिपोर्ट 20 दिसंबर को पॉजिटिव आई थी।
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से पहली मौत हुई है। न्यू साउथ वेल्स स्टेट में 80 साल के ओमिक्रॉन संक्रमित ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह व्यक्ति फुली वैक्सीनेटेड था, लेकिन उम्र से जुड़ी कई बीमारियों से जूझ रहा था।
न्यू साउथ वेल्स ऑस्ट्रेलिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। यहां सोमवार को 6,000 हजार से ज्यादा कोरोना केस मिले। फिलहाल 524 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 55 की हालत गंभीर बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित नवोदय स्कूल के 7 और बच्चों की रिपोर्ट RT-PCR टेस्ट में पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही 3 दिन में 23 स्टूडेंट कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अब इन बच्चों पर ओमिक्रॉन के खतरे का डर मंडरा रहा है। तेजी से फैले संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग संक्रमित बच्चों में से 5% के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजेगा। फिलहाल सभी संक्रमित बच्चों में सामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच क्रिसमस पर छुट्टियों के दौरान दुनिया भर में हजारों फ्लाइट्स कैंसल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 4,500 उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चीन और अमेरिका की फ्लाइट्स सबसे ज्यादा कैंसल हुई हैं। कंपनियों का कहना है कि क्रू मेंबर्स के संक्रमित पाए जाने के बाद उड़ानें रद्द की गई हैं।
देश में 3 जनवरी से शुरू होने जा रहे 15 से 18 साल की उम्र तक के बच्चों के वैक्सीनेशन में डोज के लिए ज्यादा विकल्प उपलब्ध नहीं होंगे। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल बच्चों को भारत बायोटेक की स्वदेश निर्मित कोवैक्सिन की ही डोज लग पाएगी।
हालांकि अधिकृत सरकारी सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 60 साल से ज्यादा उम्र वाले बुजुर्गों और फ्रंट लाइन वर्कर्स को 10 जनवरी से लगने वाली प्री-कॉशन डोज के तौर पर वही वैक्सीन लगाई जाएगी, जिसकी उन्हें इससे पहले दो डोज दी गई हैं।
सूत्रों का कहना है कि जायड्स कैडिला की स्वदेशी वैक्सीन जायकोव-डी को अभी तक देश में वैक्सीनेशन कैंपेन में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, दुनिया की पहली DNA बेस्ड नीडिल फ्री (बिना सुई वाली) वैक्सीन जायकोव-डी को DCGI से 20 अगस्त को ही इमरजेंसी अप्रूवल मिल चुका है। इस वैक्सीन को 12 से 18 साल की उम्र तक के बच्चों के लिए इस्तेमाल की मंजूरी मिली थी।