अंडर-19 एशिया कप के रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया है। जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मैच में भारत के सामने 260 रनों का टारगेट था, जिसे टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 48.2 ओवर के खेल में हासिल कर लिया। हरनूर सिंह 65 रन टॉप स्कोरर रहे।
टारेगट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 197 पर 6 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन छठे विकेट के लिए राज बावा और कौशल तांबे ने नाबाद 65 रन जोड़कर टीम की जीत को पक्का कर दिया। राज बावा ने 55 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए और कौशल तांबे ने 29 गेंदों पर नाबाद 35 बनाए।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए अफगानिस्तान ने 4 विकेट के नुकसान पर 259 रनों का स्कोर बनाया था। एजाज अहमदजई ने 86 रन और कैप्टन सुलेमान सफी ने 73 रन बनाए थे। भारत की ओर से राजवर्धन हंगरगेकर, राज बावा, विकी ओस्तवाल और कुशल तांबे ने 1-1 विकेट लिया।
लीग स्टेज में टीम इंडिया ने 3 मैच खेले और दो में जीत दर्ज की। टीम पॉइंट्स टेबल में 4 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रही। भारत के ग्रुप से पाकिस्तान की टीम 3 मैचों में मिली 3 जीत और 6 अंकों के साथ पहले पायदान पर रही। सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना ग्रुप बी की टेबल टॉपर बांग्लादेश या श्रीलंका में से किसी एक टीम के साथ हो सकता है। भारत और पाकिस्तान की टीमें अगर अपने-अपने सेमीफाइनल मैच जीत जाती है, तो दोनों का मुकाबला फाइनल में देखने को मिल सकता है।
18 वर्षीय हरनूर सिंह ने इस टूर्नामेंट में अपनी बैटिंग से सभी को खासा प्रभावित किया है। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में उन्होंने UAE के खिलाफ 130 गेंदों पर 120 रन की पारी खेली। इस पारी में 11 चौके भी शामिल थे। दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ भी हरनूर ने मुश्किल परिस्थितियों में 59 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली। AFG के खिलाफ भी उनका बल्ला खूब बोला और उन्होंने 74 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से शानदार 65 रन बनाए। अभी तक खेले 6 यूथ वनडे मुकाबलों में युवा ओपनर ने 4 बार फिफ्टी+ का स्कोर बनाया है।अफगानिस्तान ने अपनी पारी के पहले 45 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए थे, लेकिन बचे हुए 5 ओवर में टीम ने जोरदार खेल दिखाया। अंतिम के 5 ओवर में AFG टीम ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए सिर्फ 1 विकेट खोकर 74 रन बनाए। पारी के आखिरी ओवर में भी अफगान टीम ने 27 रन जोड़े। एजाज अहमद 86 और कैप्टन सफी 73 रन के अलावा खैबर वाली ने भी केवल 12 गेंदों पर नाबाद 20 रनों की पारी खेली।
दोनों टीमे-
IND: हरनूर सिंह, अंगकृष रघुवंशी, शेख रशीद, यश धुल (कप्तान), निशांत सिंधु, राज बावा, आराध्या यादव (विकेटकीपर), कौशल तांबे, राजवर्धन हैंगरगेकर, विकी ओस्तवाल, रवि कुमार।
AFG: सुलेमान अरबजई, मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), सुलेमान सफी (कप्तान), अल्लाह नूर, एजाज अहमद आजाद, खैबर वाली, एजाज अहमद अहमदजई, इजहारुलहक नवीद, नूर अहमद, बिलाल सामी, खलील अहमद।