ICU में बसपन का प्यार वाला सहदेव:

‘बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे..’ गाने से मशहूर हुए सहदेव दिरदो की हालत में बुधवार को सुधार नहीं हुआ। इसके चलते उसे​​​​​​ जगदलपुर से रायपुर रेफर कर दिया गया। मशहूर रैपर बादशाह की एक टीम भी रायपुर पहुंची है।

सहदेव का मंगलवार रात एक्सीडेंट हो गया था। उसका जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में 8 टांके भी लगे हैं। खून का थक्का जमा हुआ है। हालांकि वह अभी होश में है और परिजनों से थोड़ी बहुत बातें भी कर रहा है।

मशहूर रैपर बादशाह भी लगातार फोन पर सहदेव का हेल्थ अपडेट ले रहे हैं। बादशाह ने ही सहदेव को इंडस्ट्री में पहचान दिलाई है। सहदेव के करीबी पिंटू मानिकपुरी ने बताया कि एक्सीडेंट की खबर सुन कर मंगलवार की रात से लेकर बुधवार तक बादशाह ने 6 से 7 बार कॉल कर सहदेव का हालचाल जाना है।

बादशाह ने कहा है कि अगर कोई भी परेशानी या जरूरत हो तो सीधे परिजन उनसे बात कर सकते हैं। देश के किसी भी अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की जरूरत हो तो वहां करवाएं, उनकी टीम पूरी मदद करेगी। बादशाह की एक टीम भी सहदेव से मुलाकात करने के लिए पहुंच गई है।

परिजनों ने बताया कि जगदलपुर डिमरामपाल अस्पताल में अच्छा इलाज हो रहा है। डॉक्टर्स और अस्पताल के स्टाफ लगातार आ कर सहदेव को देख रहे हैं, लेकिन खून का थक्का जमने के बाद रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। इसी वजह से बुधवार शाम को सहदेव को रायपुर बालाजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

मंगलवार की शाम सहदेव अपने परिजनों के साथ बाइक से निकला था। बाइक पर 3 लोग सवार थे। सहदेव सबसे पीछे बैठा था। इस बीच शबरी नगर के पास अचानक बाइक का एक्सीडेंट हो गया। पीछे बैठने की वजह से हादसे में सहदेव को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोग उसे लेकर फौरन सुकमा जिला अस्पताल गए। सुकमा कलेक्टर और SP भी फौरन अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर करवाया।सहदेव का गाना ‘बसपन का प्यार’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने में सहदेव बचपन को ‘बसपन’ कहते हैं। उनका यह भोला और मासूम अंदाज पब्लिक को बेहद पसंद आया था। कई नामी सेलिब्रिटीज ने सहदेव के वीडियो को शेयर किया था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने उनके साथ इस गाने का रीमिक्स तैयार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *