भारत Vs साउथ अफ्रीका दूसरा टेस्ट

भारत Vs साउथ अफ्रीका दूसरा टेस्ट

जोहान्सबर्ग टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया के ऊपर बढ़त बना ली है। दूसरे दिन के तीसरे सेशन में साउथ अफ्रीका का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 217 रन है। मार्को जेन्सन और केशव महाराज क्रीज पर हैं।मोहम्मद शमी ने कगीसो रबाडा को आउट कर अफ्रीका को 7वां झटका दिया। इससे पहले शार्दूल ने दूसरे दिन मेजबान टीम के गिरे पहले पांच विकेट अपने नाम किए। तेंबा बाउमा के रूप में उन्होंने अपना पांचवां विकेट लिया। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 202 रन बनाए थे।शार्दूल ने अपने टेस्ट करियर में पहली बार पारी में पांच विकेट लिए। वे वांडरर्स में पारी में पांच विकेट लेने वाले भारत के छठे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, एस. श्रीसंत, जवागल श्रीनाथ और अनिल कुंबले यह कारनामा कर चुके हैं। अफ्रीकी टीम का दूसरा विकेट 88 के स्कोर पर गिरा था, लेकिन इसके बाद टीम की पारी लड़खड़ाई और 102 रनों तक 4 विकेट गंवा दिए। दूसरे दिन के तीनों विकेट पहले सेशन के आखिरी आधे घंटे में गिरे और तीनों शार्दूल ने लिए।

दूसरे दिन शार्दूल ठाकुर ने टीम इंडिया की जोरदार वापसी कराई। पहले उन्होंने अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर (28 रन) को आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया और फिर नजरें जमा चुके कीगन पीटरसन (62 रन) को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। शार्दूल ने पीटरसन को शानदार गेंदबाजी करते हुए चौथे स्‍टंप पर फुलर गेंद फेकी ये गेंद बाहर की ओर निकली। पीटरसन ड्राइव करने गए, लेकिन गेंद ने बल्‍ले का बाहरी किनारा लिया और दूसरी स्लिप में मयंक अग्रवाल ने शानदार कैच लपका।

अगले ही ओवर में शार्दूल ने रैसी वान डेर डूसेन को (1 रन) पर आउट कर अफ्रीका को तीसरा झटका पहुंचाया। अफ्रीका ने एल्गर, पीटरसन और डूसेन के विकेट सिर्फ 14 रनों के अंदर गंवाए।

26वें ओवर फेंक रहे जसप्रीत बुमराह की तीसरी गेंद पर एल्गर के खिलाफ भारत ने कीपर कैच की अपील की। हालांकि अंपायर निश्चित नहीं थे कि गेंद ने बाहरी किनारा लेकर बंप भी किया है, इसलिए उन्होंने सॉफ्ट सिग्नल आउट दिया है और थर्ड अंपायर के पास गए। रीप्ले में नजर आया कि गेंद बल्ले पर लगी ही नहीं थी। जमीन पर बैट लगने की आवाज आई थी और एल्गर आउट होने से बच गए। उस समय वह 11 के स्कोर पर बैटिंग कर रहे थे।

एल्गर मिले जीवनदान को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। एल्गर 120 गेंदों पर 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनका विकेट शार्दूल ठाकुर के खाते में आया। विकेट के पीछे ऋषभ पंत ने एल्गर का शानदार कैच पकड़ा। दूसरे विकेट के लिए डीन एल्गर और कीगन पीटरसन ने 211 गेंदों में 74 रन जोड़े।जोहान्सबर्ग टेस्ट के पहले दिन भारत का मध्यक्रम पूरी तरह से फ्लॉप रहा। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (26) को अच्छी शुरुआत तो मिली, लेकिन वो बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वहीं, खराब फॉर्म में चल रहे चेतेश्वर पुजारा (3) और अजिंक्य रहाणे (0) ने एक बार फिर निराश किया। दोनों को लगातार दो गेंदों पर ओलिवियर ने पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद राहुल और हनुमा विहारी (20) ने चौथे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कोहली की चोट के कारण टीम में आए विहारी भी जल्दी आउट हो गए।

इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सिर्फ 17 रन बनाकर जेन्सन की गेंद पर आउट हुए। फिर अश्विन ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए भारत को सम्मानजक स्कोर तक पहुंचाया। वहीं, बुमराह ने नाबाद 14 रन बनाकर भारत को 200 के आंकड़े के पार पहुंचाया।

दोनों टीमें-
SA (प्लेइंग-XI): 
डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्कराम, कीगन पीटरसन, रैसी वान डेर डूसन, तेम्बा बाउमा, काइल वेरेना (विकेटकीपर), मार्को जेन्सन, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, डुएन ओलिवियर, लुंगी एनगिडी।

IND (प्लेइंग-XI): केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *