बिलासपुर में 6 गुना बढ़ा संक्रमण:24 घंटे में मिले 310 पॉजिटिव

बिलासपुर में 6 गुना बढ़ा संक्रमण:24 घंटे में मिले 310 पॉजिटिव

बिलासपुर में कोरोना की विस्फोटक एंट्री हो रही है। अब बच्चों पर भी कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। हर दिन दोगुनी रफ्तार से केस बढ़ रहे हैं। गुरुवार को 24 घंटे में 310 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 29 बच्चे भी संक्रमित मिले हैं। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही हाईकोर्ट, जिला न्यायालय, NTPC में भी कोरोना का संक्रमण फैल गया है। वहीं अपोलो अस्पताल में कोरोना से एक वृद्ध की मौत भी हुई है।

अब शहर के पॉश इलाकों में भी संक्रमण फैलने लगा है। स्थिति यह है कि लगभग आधे शहर में एक्टिव केस है। वसंत विहार कॉलोनी, विनोबा नगर, वैशाली नगर, नेहरू नगर, सरकंडा, राजकिशोर नगर, रेलवे परिक्षेत्र, सरकंडा जैसे इलाकों में भी पॉजिटिव मिल रहे हैं। बिलासपुर में एक दिन पहले बुधवार को 245 मरीज मिले थे। हालांकि, ज्यादातर मरीज अभी होम आइसोलेशन पर हैं और अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति नहीं बनी है।

बीते 27 दिसंबर से लगातार मरीजों की संख्या बढ़ते ही जा रही है। खासतौर से शहर में हालत गंभीर है। मौजूदा स्थिति में शहर का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा है जहां कोरोना के मरीज न हों। कई मोहल्लों में संक्रमितों की संख्या 20 से 25 हो चुकी है। इसमें एक ही परिवार के कई सदस्य संक्रमित हो रहे हैं। कई जगहों पर कम्युनिटी स्प्रेड के हालत बन गए हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य महकमा कैंप लगाकर जांच नहीं कर रही है।

संख्या बढ़ने के बाद भी इन क्षेत्रों के रहवासी कोरोना के दिशा-निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजार में भीड़ कम नही हो रही है। दूसरी तरफ प्रशासन लगातार बैठकें तो ले रही है। लेकिन, मैदानी इलाकों में इसका असर नहीं दिख रहा है। लगातार बढ़ रहे संक्रमण को रोकने के लिए गाइड लाइन भी जारी किया गया है। अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी दी गई है। लेकिन, इस पर अमल कराने वाले अफसर ही गायब रहते हैं।

गुरुवार को हाईकोर्ट कर्मी के साथ ही उनके परिवार के सदस्य भी कोरोना संक्रमित मिले है। यहां करीब सात लोग कोरोना पॉजिटव मिले हैं। इसी तरह से NTPC में भी पांच लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हुए हैं। जिला न्यायालय में भी वकील व कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। त्रिवेणी डेंटल कॉलेज में स्टूडेंट व स्टाफ भी कोरोना संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। बुधवार को पांच संक्रमित मिलने के बाद गुरुवार को भी यहां पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

कोरोना महामारी के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए अब मास्क नहीं पहनने वालों पर नगर निगम ने सख्ती से जुर्माना वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए जोन स्तर पर टीम गठित कर जुर्माना वसूल किया जा रहा है। पहले दिन 20 से ज्यादा लोगों से 500-500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। कोरोना संक्रमण को दरकिनार कर लोगों के लापरवाही बरतने का नतीजा अब सामने आने लगा है। अब रोजाना 150 से लेकर 250 तक मरीज मिलने शुरू हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *