छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6153 पॉजिटिव मरीज मिले मिले हैं, जबकि 5 लोगों की मौत हो गई है। राजधानी रायपुर में 1859 नए केस मिले हैं। कोंडागांव में नवोदय स्कूल के 17 छात्र और 5 शिक्षक कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इसके साथ ही ITBP के 31 और CRPF के एक जवान की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर कवर्धा में सरकारी नर्सिंग कॉलेज के 12 छात्र कोरोना संक्रमित हो गए हैं। जिसके चलते कलेक्टर ने कॉलेज को कंटेनमेंट जोन बनाकर आसपास के इलाके को सील कर दिया है। वहीं नारायणपुर में 10 बजे से सुबह 6 बजे तक के लिए नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर रायपुर जिला प्रशासन ने बिना मास्क घूमने वालों पर 100 रुपए की फाइन लगाने का निर्देश जारी किया है। इसके साथ ही कानूनी कार्रवाई तक का प्रावधान किया गया है। होम आइसोलेशन में नहीं रहने पर भी अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ जांजगीर जिले में भी हालात चिंताजनक हो गए हैं। ज्यादातर फ्रंटलाइन वर्कर्स कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। सिर्फ जांजगीर जिला अस्पताल में 15 डॉक्टर समेत 43 स्टाफ हफ्तेभर में संक्रमित हो चुके हैं। जिसके चलते सामान्य मरीजों से लेकर कोविड मरीजों के लिए भी परेशानी काफी बढ़ गई है। जिले की 17 लाख की आबादी इसी जिला अस्पताल पर निर्भर है।
छत्तीसगढ़ में कोरोना की तीसरी लहर में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि गुरुवार को प्रदेश भर में सात मरीजों की मौत हो गई। तीसरी लहर के दौरान यह पहली बार हुआ है जब एक दिन में इतनी मौत दर्ज हुई है। डेथ ऑडिट रिपोर्ट से सामने आया है कि दूसरी लहर की तरह इस बार सांस फूलने अथवा शरीर में ऑक्सीजन की कमी से मौत का आंकड़ा बेहद कम है। कोरोना से जिन लोगों की मौत हुई है, उनके शवों से सैंपल लेकर ओमिक्रॉन की जांच के लिए भुवनेश्वर भेजा जाएगा। इसकी पुष्टि बालौद के सीएचएमओ ने की है। उन्होंने एक महिला का सैंपल भी भिजवाया है।
डॉ. भीमराव आम्बेडकर अस्पताल में क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख डॉ. ओपी सुंदरानी ने बताया, इस बार वायरस का स्वभाव बदला हुआ है। दूसरी लहर के दौरान अस्पताल पहुंचने वाले 90% लोगों को ऑक्सीजन की कमी महसूस हो रही थी। उनकी सांस फूल रही थी। शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा गिर चुकी होती थी। अभी ऐसे केस लगभग नहीं के बराबर आ रहे हैं। अभी अस्पताल के कोविड ICU में 18 लोग भर्ती हैं तो उनमें से 15 लोग ऐसे हैं, जिन्हें दूसरी बीमारियों अथवा एक्सीडेंट की वजह से लाया गया था। यहां टेस्ट हुआ तो वे कोविड-पॉजिटिव आए।
डॉ. सुंदरानी ने बताया, पिछले दिनों जो मौतें हुईं उसमें एक मरीज के पूरे शरीर में कैंसर फैल गया था। दो मरीजों को ब्रेन हैमरेज था जबकि एक मरीज को एक्सीडेंट में सिर की चोट की वजह से लाया गया था। बताया जा रहा है, अभी तक हुई मौतों में अधिकतर की अधिक उम्र, दूसरी गंभीर बीमारियों और बेहद कमजोर प्रतिरोधक क्षमता की वजह से ही जान गई है। पिछले 13 दिनों में प्रदेश के 35 मरीजों की जान जा चुकी है। इसमें से 15 लोगों की जान अकेले रायपुर जिले में गई है। गुरुवार को मरने वालों में 2 दुर्ग के और एक-एक राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, कोरबा और जांजगीर-चांपा के मरीज थे।
डॉ. ओपी सुंदरानी ने बताया, अभी प्रदेश में 5 हजार-6 हजार मरीज रोजाना मिल रहे हैं। जिस गति से मरीज मिल रहे हैं उससे संभावना है कि अगले 15-20 दिनों में यह लहर अपने पीक पर पहुंच जाए। आशंका जताई जा रही है कि पीक पर पहुंचने तक 20-25 हजार मरीज रोजाना मिलने लगेंगे। उसके बाद संक्रमण की तीव्रता कम होती जाएगी।
गुरुवार को प्रदेश में जांच का दायरा बढ़ाकर 63 हजार 221 सैंपल कलेक्ट हुए। इस दौरान 6 हजार 15 नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इस हिसाब से दैनिक संक्रमण दर 9.51% रही। रायपुर में सबसे अधिक 2 हजा20 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एक दिन पहले यहां से 1700 से अधिक मरीज मिले थे।
बताया जा रहा है, रायपुर में सबसे अधिक जांच हो रही है। इस हिसाब से 2 हजार 20 मरीज मिलने के बाद भी यहां संक्रमण दर 17.44% ही है। दुर्ग में 673 नए मरीज मिले हैं। वहां संक्रमण दर 28% के आसपास बताई जा रही है। कोरबा में 520 मरीज सामने आए हैं जबकि संक्रमण दर 22% और रायगढ़ में 23% के आसपास बताया जा रहा है। रायगढ़ में 454 और बिलासपुर में 459 नए मरीज मिले हैं। इनके साथ 17 जिले ऐसे हैं जहां संक्रमण दर खतरे के निशान से ऊपर है। केवल 11 जिलों में संक्रमण दर 4% से कम है।