पंजाब में भगवंत AAP का CM चेहरा:

पंजाब में भगवंत AAP का CM चेहरा:

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने CM चेहरे का औपचारिक ऐलान कर दिया। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल मोहाली पहुंचे और उन्होंने भगवंत मान के नाम का ऐलान किया। आप ने CM कैंडिडेट चुनने के लिए मोबाइल नंबर जारी करके जनता की राय मांगी थी। 3 दिन में 21.59 लाख लोगों ने राय दी। करीब 15 लाख लोगों ने भगवंत मान का नाम लिया है। केजरीवाल ने इस रिजल्ट के साथ ही भगवंत मान के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि मान को 93.3% और सिद्धूू को सिर्फ 3.6% वोट मिले।

अरविंद केजरीवाल पहले ही कहा था कि वह पंजाब में CM की दौड़ में नहीं हैं। पंजाब का CM चेहरा सिख समाज से होगा। 2017 में आप को इसी वजह से बड़ा झटका लगा था कि CM फेस सिख समाज से नहीं था। विरोधियों ने कहा कि बाहर से आकर कोई मुख्यमंत्री बन सकता है, जिससे पंजाबी आप से दूर होते चले गए।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो सीएम चेहरा हम ऐलान कर रहे हैं, वह पंजाब का अगला सीएम बनने जा रहा है। पंजाब के लोगों ने अपना अगला सीएम चुनने के लिए पंजाबियों ने 21.59 लाख वोट दिए। उसमें कई लोगों ने मेरा नाम डाल दिया था। मैंने कह दिया था कि मैं रेस में नहीं हूं। बचे वोट में 93.3% लोगों ने भगवंत मान का नाम लिया। दूसरे नंबर पर नवजोत सिद्धू थे, जिन्हें 3.6% वोट मिले। जिसके बाद केजरीवाल ने सीएम चेहरे के लिए औपचारिक तौर पर भगवंत मान की घोषणा कर दी।अरविंद केजरीवाल सिद्धू पर भी तंज कसने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि सब हमसे पूछते थे कि आम आदमी पार्टी का दूल्हा कौन है तो हमने इसकी घोषणा कर दी है। बता दें कि नवजोत सिद्धू ही केजरीवाल पर निशाना साधते थे कि उनकी बारात पूरे पंजाब में घूम रही है लेकिन दूल्हा कौन है, उसका पता नहीं है।

सीएम चेहरा घोषित किए जाने के बाद भगवंत मान ने कहा कि जब मैं कॉमेडियन था तो लोग मुझे देख हंस देते थे। जब राजनीति में आया तो लोग रोने लगे कि हमें बचा लो। मान ने कहा कि पंजाब को सिर्फ लोग ही बचा सकते हैं। वह सिर्फ इसका जरिया बन सकता हैं। पंजाब के युवाओं के हाथ से टीके छीनकर टिफिन पकड़ाएंगे। मान ने कहा कि आज पार्टी ने मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। लाखों लोगों ने अपनी राय देकर मुझ पर भरोसा जताया। अब मैं डबल जिम्मेदारी से काम करूंगा।

मान ने कहा कि अगर हरे रंग का पैन मेरे हाथ में आया तो वह हमेशा जरूरतमंद और गरीबों के हक में चलेगा। वह किसी चेले या चमचे के हक में नहीं चलेगा। मान ने कहा कि हमें जंग जीतने के लिए बहुत मेहनत करनी होगी। पंजाब पैरों पर खड़े होना जानता हैं। पंजाब की धरती पर गिद्दा और भंगडा डालते हुए दिखाएंगे। जो यूथ IELTS कर विदेश जा रहे हैं, उन्हें भी यहीं रोकेंगे। सबको डिग्री के मुताबिक पंजाब में ही नौकरी दिलाएंगे।

आप यह दावा जरूर कर रही है कि पहली बार उसने जनता की राय से CM चेहरा तय किया। इसमें कोई प्रतियोगिता नहीं रखी गई थी। हालांकि आप ने नेताओं के नाम आगे करके वोटिंग नहीं करवाई। बता दें कि भगवंत मान के अलावा विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल चीमा और कुलतार संधवां को भी इस रेस में माना जा रहा था।पंजाब में आप का प्रचार अभी भी अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर हो रहा है। आप केजरीवाल के नाम पर पंजाब में एक मौका मांग रही है। आप ने एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें भ्रष्टाचार, कमजोर सरकारी स्कूल, खराब अस्पताल, महंगे बिजली-पानी बिल और बेरोजगारी का एक ही सॉल्यूशन केजरीवाल को बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *